
शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान पर जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने अवतार सिंह मल्होत्रा को सौंपा ‘शिक्षा श्री’ सम्मान
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) स. अमर सिंह सरोज विद्यार्थी सहायता समिति के अध्यक्ष अवतार सिंह मल्होत्रा को ‘शिक्षा श्री-2026’ की उपाधि से नवाजा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) प्रारंभिक शिक्षा के तत्वावधान में सोमवार को नई धानमण्डी स्थित दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026 में मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट डॉ. अमित यादव तथा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अरविंदर सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सहयोग के लिए स. अमर सिंह सरोज विद्यार्थी सहायता समिति के अध्यक्ष अवतार सिंह मल्होत्रा को ‘शिक्षा श्री-2026’ सम्मान प्रदान किया। श्री मल्होत्रा को यह सम्मान पुलिस लाईन श्रीगंगानगर स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय सं. 5 में विद्यार्थियों के लिए 1 लाख 18 हजार रुपये से अधिक की इन्वर्टर-बैटरी व स्टेशनरी सामग्री उपलब्ध करवाने पर दिया गया है। उन्हें लगातार दूसरी बार इस प्रतिष्ठित उपाधि से सम्मानित किया गया है; इससे पूर्व गत वर्ष भी इसी विद्यालय को लगभग 1 लाख 13 हजार रुपये का सहयोग देने पर उन्हें ‘शिक्षा श्री-2025’ से सम्मानित किया गया था।समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में हिमांशु बिहानी एवं धर्मवीर डुडेजा मौजूद रहे। सम्मान ग्रहण के ऐतिहासिक क्षणों के दौरान मंच पर डॉ. ओ.पी. गोयल, अशोक किंगर एवं महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय सं. 5 की शाला प्रधान श्रीमती रिंपा तलवार भी मौजूद थीं। उल्लेखनीय है कि राजस्थान सरकार के नियमानुसार राजकीय एवं संस्कृत विद्यालयों के भौतिक विकास व छात्र कल्याण हेतु 1 लाख से 30 लाख रुपये तक का सहयोग करने वाले भामाशाहों को जिला स्तर पर ‘शिक्षा श्री’, 30 लाख से 1 करोड़ रुपये तक के सहयोग पर राज्य स्तर पर ‘शिक्षा भूषण’ तथा 1 करोड़ रुपये से अधिक के योगदान पर ‘शिक्षा विभूषण’ से अलंकृत किया जाता है।सम्मानित होने के उपरांत अपने संबोधन में स. अमर सिंह सरोज विद्यार्थी सहायता समिति के अध्यक्ष अवतार सिंह मल्होत्रा ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी समिति विगत 4 वर्षों से राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्टेशनरी, पाठ्य पुस्तकें, जूते एवं जर्सियां आदि निरंतर उपलब्ध करवा रही है। कार्यक्रम के अंत में विभाग के अधिकारियों, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने भामाशाहों के इस अनुकरणीय योगदान की सराहना की। इस अवसर पर स. अमर सिंह सरोज विद्यार्थी सहायता समिति सदस्यों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
