
राहगीरों, किसानों और ग्रामीणों को पिलाया जीरा पानी
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) पूर्णिमा के मौके पर नवयुवक संस्था बहलोलनगर की ओर से सोमवार को 42 एसएसडब्ल्यू बस अड्डे पर मीठे पानी की छबील लगाकर राहगीरों, ग्रामीणों और किसानों को ठंडा जीरा पानी पिलाया गया। भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने छबील का लाभ उठाया। छबील का शुभारंभ संस्था के संरक्षक मदनलाल मील, अध्यक्ष पालाराम इंदलिया, कोषाध्यक्ष प्रहलाद सेन, हरीश हैरी, मंत्री रोहिताश वर्मा तथा सचिव रमेश चांवरिया ने जीरा पानी पिलाकर किया। इसके बाद पूरे दिन राहगीरों को शीतल पेयजल वितरित किया गया। संस्था के संरक्षक मदनलाल मील व संयोजक सुभाष गोयल ने कहा कि नवयुवक संस्था जनसहयोग से पिछले 12 वर्षांे से बस अड्डे पर जलसेवा का कार्य कर रही है। पिछले वर्ष संस्था ने जनसहयोग से यात्री विश्राम स्थल एवं प्याऊ का निर्माण कराया, जिससे तपती दोपहर में यात्रियों को ठंडी छांव और शीतल जल उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थानी संस्कृति की ‘पधारो म्हारे देस’ की परंपरा के अनुरूप संस्था सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि बस अड्डे पर छह माह तक जलसेवक के माध्यम से नियमित रूप से ठंडा पानी उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा गांव में जनसहयोग से तीन स्थानों पर वाटर कूलर भी संचालित किए जा रहे हैं। संस्था समय-समय पर विभिन्न जनहित एवं समाजसेवा के कार्य करती रही है। इस सेवा कार्य में कालूराम शर्मा, कालासिंह वजीतपुरिया, रवि इंदलिया, विनोद नाई, इकबाल सिंह जस्सीवाला, प्रतीक गोयल, भरत नाई, लक्ष्य नैण सहित अनेक युवाओं ने सहयोग देकर जलसेवा में भागीदारी निभाई।
