
तडक़े दो बाइक पर आए चार अज्ञात बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) टाउन थाना पुलिस ने गुरुद्वारा साहिब से दानपात्र चोरी कर उसमें रखी करीब डेढ़ लाख रुपए की नकदी ले जाने के मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गुरुद्वारा कमेटी ढालिया के प्रधान हिम्मत सिंह (57) पुत्र जंगीर सिंह कम्बोज निवासी चक 6 एचएमएच, वार्ड संख्या 9, अमरपुरा थेहड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि 26 जून को तडक़े करीब 2.30 बजे दो मोटर साइकिलों पर सवार चार अज्ञात व्यक्ति गांव ढालिया स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। इनमें से दो व्यक्ति गुरुद्वारे के अंदर घुसे और वहां रखा श्रद्धालुओं के चढ़ावे का दानपात्र (गल्ला) उठाकर फरार हो गए। परिवादी के अनुसार दानपात्र में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाई गई करीब 1 से 1.5 लाख रुपए नकद राशि रखी हुई थी। घटना का पता चलते ही ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा कर तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। रिपोर्ट में बताया गया कि गुरुद्वारा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों और आसपास के लोगों से पूछताछ में चोरी की वारदात सामने आई। पुलिस से चोरी गई नकदी और दानपात्र बरामद कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है। टाउन थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक कैलाशचंद को सौंपी गई है।
