
हेरोइन तस्करी मामले में तीसरी गिरफ्तारी, आरोपी पर पूर्व में चार मुकदमे दर्ज
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले में नशा तस्करी और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी से मामले में पूछताछ की जा रही है तथा अनुसंधान जारी है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक रघुवीर सिंह बीका के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मानवीय एवं तकनीकी आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टिब्बी थाना के प्रकरण संख्या 205/2026 (धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट) में वांछित आरोपी सलमान खान उर्फ सलीम खान (29) पुत्र शाहनबाज उर्फ लक्खा निवासी वार्ड नंबर 5, गांव गुडिय़ा पीएस टिब्बी को गिरफ्तार किया। एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट, आम्र्स एक्ट एवं चोरी के चार आपराधिक प्रकरण विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपी से मामले में पूछताछ की जा रही है और अनुसंधान जारी है। पुलिस के अनुसार, 13 मई को टिब्बी थाना पुलिस ने गश्त के दौरान आरोपी हरजीत सिंह उर्फ डॉक्टर को 10.25 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) तथा एक मोटर साइकिल सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में टिब्बी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसकी जांच बाद में साइबर थाना को सौंपी गई। इस प्रकरण में पहले ही हरजीत सिंह उर्फ डॉक्टर और राजेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। वर्तमान गिरफ्तारी के साथ इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या तीन हो गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक रघुवीर सिंह बीका, सहायक उपनिरीक्षक सूरजभान एवं कांस्टेबल प्रमोद कुमार शामिल रहे।
