
संगठन की बैठक में नियुक्ति, पक्षियों के लिए लगाए 11 परिंडे
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राष्ट्रीय युवक परिषद की बैठक सोमवार को जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान गांव रामसरा नारायण निवासी महंगा सिंह को गांव अध्यक्ष नियुक्त किया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन के अलावा जोधा सिंह, वीरेंद्र जैन, गिरिराज शर्मा, दिनेश शर्मा, रामकरण वर्मा, राजीव सेतिया, राजेश अरोड़ा, सचिन त्यागी, हरविंद्र सिंह, जसवीर सिंह, तरसेम सिंह एवं रहमती सिंह मौजूद रहे। सभी ने नवनियुक्त अध्यक्ष महंगा सिंह का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि राष्ट्रीय युवक परिषद लगातार समाजहित में कार्य कर रही है। संगठन का उद्देश्य युवाओं को समाज सेवा से जोडऩा, जरूरतमंदों की सहायता करना तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने बताया कि परिषद शिक्षा, सेवा, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण स्तर पर संगठन का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नवनियुक्त गांव अध्यक्ष महंगा सिंह ने कहा कि वे परिषद की नीतियों के अनुरूप युवाओं को संगठन से जोडऩे, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सेवा कार्यांे की शुरुआत करते हुए गांव में पक्षियों के लिए 11 परिंडे लगाए। साथ ही शीघ्र ही गांव की कार्यकारिणी का गठन कर विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को गति देने की बात कही।
