
प्रेस कॉन्फ्रेंस : समय पर जांच और विशेषज्ञ परामर्श पर दिया जोर
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) नारायणा हॉस्पिटल, जयपुर की ओर से मंगलवार को न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में हो रही नवीनतम चिकित्सा प्रगति, आधुनिक सर्जिकल तकनीकों और बेहतर उपचार परिणामों पर केन्द्रित प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में नारायणा हॉस्पिटल, जयपुर के सीनियर कंसल्टेंट (न्यूरोसर्जरी) डॉ. नितिन भाकल ने कहा कि पिछले कुछ वर्षांे में न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आधुनिक तकनीकों, उच्च गुणवत्ता वाली इमेजिंग, माइक्रोसर्जिकल उपकरणों और बेहतर ऑपरेटिव प्रोटोकॉल की मदद से अब मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी से जुड़ी कई जटिल बीमारियों का उपचार पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सटीक और प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लगातार सिरदर्द, बार-बार चक्कर आना, शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी, कमर या गर्दन का लगातार दर्द, हाथ-पैरों में सुन्नपन अथवा चलने में कठिनाई जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर सही जांच और विशेषज्ञ परामर्श से गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में ही पहचान संभव है, जिससे उपचार के बेहतर परिणाम मिलते हैं और मरीज जल्द सामान्य जीवन में लौट सकते हैं। नारायणा हॉस्पिटल, जयपुर के हेड सेल्स एंड मार्केटिंग विकास शर्मा ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि लोगों में प्रिवेंटिव हेल्थकेयर के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस और विशेषज्ञ ओपीडी के माध्यम से लोगों को शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर विशेषज्ञ परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। डायरेक्टर बलविंद्र सिंह वालिया तथा क्लीनिकल डायरेक्टर एवं विभागाध्यक्ष (कार्डियक एनेस्थीसिया) डॉ. प्रदीप गोयल ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य अत्याधुनिक तकनीक, अनुभवी विशेषज्ञों और बहु-विषयक टीमवर्क के माध्यम से मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। साथ ही जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों तक सही स्वास्थ्य जानकारी पहुंचाकर उन्हें समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना भी प्राथमिकता है।
