
एडीएम ने इसी सप्ताह परिणाम जारी करने का दिया आश्वासन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) स्वयंसेवक भर्ती का अंतिम परिणाम शीघ्र जारी करने की मांग को लेकर भाजपा नेता आशीष पारीक के नेतृत्व में अभ्यर्थियों ने मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा उम्मेदी लाल मीणा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिए भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द अंतिम चयन सूची जारी करने की मांग की गई। अभ्यर्थियों ने बताया कि सिविल डिफेंस स्वयंसेवक भर्ती के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षण 7 से 9 अप्रैल तक राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित किया गया था। परीक्षण संपन्न हुए करीब 80 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक अंतिम परिणाम घोषित नहीं होने से अभ्यर्थियों में निराशा और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अभ्यर्थियों ने प्रशासन से मांग की कि बोनस अंकों का परीक्षण, दस्तावेजों का सत्यापन और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर अंतिम चयन सूची जारी की जाए, ताकि लंबे समय से लंबित भर्ती प्रक्रिया पूर्ण हो सके। उन्होंने बताया कि यह भर्ती जून 2025 में शुरू हुई थी और इस संबंध में पूर्व में भी दो से तीन बार प्रशासन को ज्ञापन देकर अवगत कराया जा चुका है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में सिविल डिफेंस स्वयंसेवक भर्ती 4 से 5 माह में पूरी हो चुकी है, जबकि हनुमानगढ़ जिले में प्रक्रिया अभी तक लंबित है। अभ्यर्थियों ने प्रशासन से अन्य जिलों की तर्ज पर जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। इस दौरान एडीएम ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सिविल डिफेंस स्वयंसेवक भर्ती का अंतिम परिणाम इसी सप्ताह जारी कर दिया जाएगा। इस मौके पर राहुल, मुकेश स्वामी, केतुल सहारण, प्रीति, अजय कुमार, सिमरन, विनोद गोदारा, अंकित, सुभाष बेनीवाल, रामपाल थोरी, अरविंद, अभिषेक, राकेश थोरी मौजूद थे।
