
जंक्शन थाना पुलिस की कार्रवाई, हड़पी गई सामग्री की बरामदगी के प्रयास जारी
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) किराए पर ली गई करीब 28 लाख रुपए मूल्य की शटरिंग सामग्री का गबन करने के आरोप में जंक्शन थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 27 जून को दर्ज हुए इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप सिंह (45) पुत्र गुरमेल सिंह निवासी कड़ा फैक्टरी के पास, कालांवाली, तहसील डबवाली जिला सिरसा (हरियाणा) को गिरफ्तार किया है। जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां ने बताया कि 27 जून को वार्ड 6 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी 58 वर्षीय शंकरलाल पुत्र जगदीश ने रिपोर्ट दर्ज कराई। शंकरलाल ने बताया कि एसपी कार्यालय के सामने परशुराम चौक के पास उसकी वर्मा शटरिंग स्टोर नाम से दुकान है, जहां से निर्माण कार्यांे के लिए शटरिंग सामग्री किराए पर दी जाती है। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी प्रदीप सिंह ने अपना नाम हीरालाल बताकर 13 अप्रैल से 11 जून के बीच अलग-अलग तारीखों में दुकान से शटरिंग सामग्री किराए पर ली। उसने किराए की कुछ राशि फोनपे और यूपीआई के माध्यम से जमा करवाई, जिससे शिकायतकर्ता को उस पर कोई संदेह नहीं हुआ। शिकायत में बताया गया कि सामान लेने के लिए ठेकेदार का मुनीम सतपाल, जिसका वास्तविक नाम धर्मपाल है, तथा कमल नाम का एक अन्य व्यक्ति मजदूरों और पिकअप वाहनों के साथ दुकान पर आते थे। आरोपी बताते थे कि उनका निर्माण कार्य हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, मेडिकल कॉलेज के पास और रेलवे लाइन के निकट चल रहा है। जब काफी समय तक सामान वापस नहीं आया तो शिकायतकर्ता निर्माण स्थल पर पहुंचा, लेकिन वहां न तो ठेकेदार मिला और न ही उसका मुनीम। जिस निर्माण स्थल का हवाला दिया गया था, वहां उसकी दुकान के वीएसएस, बीएसएस और एनएसएस मार्का वाली कोई शटरिंग सामग्री भी नहीं मिली। पूछताछ करने पर आरोपियों ने 20 दिन बाद सामान लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में सामग्री कहां रखी गई है, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। अपने स्तर पर जानकारी जुटाने पर उसे संदेह हुआ कि उसकी सामग्री का गबन कर दिया गया है। आरोपियों ने करीब दो माह के दौरान कई खेपों में मिक्सर मशीन, लोहे की प्लेटें, गार्डर, पिलर, फॉर्मा, दुरमट मशीन सहित बड़ी मात्रा में शटरिंग सामग्री विभिन्न पिकअप और अन्य वाहनों से उठाई। इनमें आरजे 31 जीबी 3128 सहित कई वाहनों का उपयोग किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार ठेकेदार प्रदीप उर्फ हीरालाल, मुनीम धर्मपाल उर्फ सतपाल, कमल तथा अन्य लोगों ने मिलकर करीब 27 से 28 लाख रुपए मूल्य की सामग्री का गबन कर दिया, जिसे खुर्द-बुर्द किए जाने की भी आशंका है। थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक गजेन्द्र शर्मा को सौंपी गई थी। अनुसंधान के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी प्रदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा हड़पी गई शटरिंग सामग्री की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
