
महिला व उसके बेटे पर हत्या का संदेह, भादरा थाना क्षेत्र का मामला
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले के भादरा कस्बे में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुरानी मस्जिद के पास स्थित एक किराए के मकान में रहने वाले पेपसिंह उर्फ पप्पूसिंह राजपूत का शव खून से लथपथ मिलने के बाद भादरा थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई ने एक महिला और उसके पुत्र पर हत्या का संदेह जताते हुए रिपोर्ट दी है। पुलिस के अनुसार, इन्द्रसिंह (54) पुत्र जसवंत सिंह राजपूत निवासी कलाना ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके भतीजे जितेन्द्र सिंह पुत्र महेन्द्रसिंह राजपूत निवासी कलाना हाल जयपुर ने 29 जून को सुबह करीब 10 बजे फोन कर सूचना दी कि उसके चाचा पेपसिंह उर्फ पप्पूसिंह पुत्र जसवंत सिंह, जो वार्ड नंबर 11, पुरानी मस्जिद के पास, भादरा में किराए के मकान में रहते थे, उनकी हालत गंभीर है और तत्काल मौके पर पहुंचने को कहा। रिपोर्ट में बताया गया कि प्रार्थी के मोबाइल पर भी मृतक के मोबाइल नंबर से 29 जून को रात 12.37 बजे कॉल आई थी, लेकिन उस समय वह सो रहा था। सूचना मिलने पर जब वह मृतक के मकान पहुंचा तो देखा कि पेपसिंह का शव आंगन में पड़ा था। उसके सिर पर गंभीर चोटें थीं और पूरे आंगन में जगह-जगह खून बिखरा हुआ था। उस समय उसकी मृत्यु हो चुकी थी। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि मृतक के पास हेमकंवर निवासी अनूपशहर तथा उसका पुत्र अमित अक्सर आते-जाते थे और कई दिनों तक उसके साथ रहते भी थे। घटना वाली रात भी दोनों मृतक के घर पर मौजूद थे, लेकिन जब वह मौके पर पहुंचा तो दोनों वहां से गायब मिले। इसी आधार पर उसने दोनों पर हत्या करने का संदेह व्यक्त किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच थाना प्रभारी लखवीर सिंह कर रहे हैं। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। एमओबी व एफएसएल की ओर से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। साक्ष्य तथा अन्य तकनीकी एवं वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी। संदिग्धों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।
