
पिता-पुत्र पर रॉड व लाठियों से हमला, युवक का सिर फटा, तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले के खुइयां थाना क्षेत्र के न्यौलखी गांव में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर पिता-पुत्र पर हमला करने और जेसीबी से ट्रैक्टर को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। घायल युवक को पहले खुइयां, फिर नोहर और बाद में हनुमानगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। खुइयां थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कृष्ण कुमार (64) पुत्र नोरंगलाल जाट निवासी न्यौलखी पीएस रावतसर ने खुइयां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है। अनिल पुत्र अमरचंद, रामस्वरूप पुत्र अमरचंद तथा अमरचंद पुत्र नोरंगलाल, सभी निवासी न्यौलखी, रास्ते के विवाद को लेकर उससे और उसके परिवार से रंजिश रखते हैं तथा रास्ता बंद करने की धमकियां दे रहे थे। रिपोर्ट में बताया गया कि 28 जून को वह अपने पुत्र संदीप के साथ थिराना स्थित कृषि भूमि में पाइप बिछाने का कार्य कर ट्रैक्टर से वापस गांव लौट रहा था। शाम करीब 7.30 बजे रास्ते में आरोपी अनिल जेसीबी संख्या आरजे 49 ईए 0080 लेकर आया और ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा करीब एक लाख रुपए का नुकसान हुआ। दोनों पिता-पुत्र ने ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाई। शिकायत के अनुसार, इसके बाद आरोपी रामस्वरूप हाथ में लाठी लेकर आया, जबकि अनिल जेसीबी से लोहे की रॉड निकालकर ले आया। आरोप है कि रामस्वरूप ने संदीप को पकड़ लिया और अनिल ने उसके सिर पर रॉड से वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर संदीप और उसके पिता कृष्ण कुमार के साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने प्रार्थी का रास्ता अवरुद्ध कर दिया तथा ट्रैक्टर से मिट्टी डालकर रास्ते पर डोला बांध दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के काश्तकार मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दोनों को आरोपियों से छुड़ाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संदीप को पहले खुइयां अस्पताल, फिर नोहर तथा बाद में हनुमानगढ़ अस्पताल रेफर कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने कृष्ण कुमार की रिपोर्ट के आधार पर अनिल, रामस्वरूप और अमरचंद के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल नेमीचंद को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
