
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ‘शहरी सेवा शिविर-2026’ के अंतर्गत वार्ड संख्या 19 एवं 20 में मंगलवार को आयोजित शिविर के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही से एक परित्यक्ता महिला के बच्चे को पालनहार योजना से जोड़कर राहत प्रदान की गई।विभागीय कार्मिक श्रीमती शीलपाल कौर एवं सुश्री नेहा ने प्राप्त प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए परित्यक्ता एवं एकल नारी पेंशनर श्रीमती रेखा के बच्चे लक्ष्मी को पालनहार योजना में सम्मिलित किया। लाभार्थी को शिविर में आमंत्रित कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराई गईं तथा बच्चे को योजना का लाभ प्रदान किया गया।योजना से जुड़ने के बाद अब श्रीमती रेखा को बच्चे के पालन-पोषण एवं शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं के लिए 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्राप्त होगी।इस अवसर पर शिविर प्रभारी श्री तुलसीराम एवं नगर परिषद आयुक्त श्री सुरेन्द्र सिंह यादव ने श्रीमती रेखा को स्वीकृति पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।योजना का लाभ मिलने पर श्रीमती रेखा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राजस्थान सरकार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ सरल और त्वरित रूप से मिल रहा है।
_
