
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले के भादरा शहर में वार्ड नंबर 11 में पुरानी मस्जिद के पास एक किराए के मकान में रहने वाले अधेड़ उम्र के एक ड्राइवर की हत्या कर दिए जाने की संगीत वारदात सामने आई है। यह ड्राइवर जिस महिला और उसके बेटे के साथ रहता था,उसी पर ही हत्या का इल्जाम लगाया गया है। पुलिस के अनुसार गांव कलाना निवासी इंदरसिंह राजपूत द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसके भाई पप्पू उर्फ पेपसिंह राजपूत (50) की हत्या करने के आरोप में श्रीमती हेमकंवर राजपूत और उसके पुत्र अमित राजपूत निवासी अनूपशहर के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इन दोनों से कड़ी पूछताछ की है लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर लखबीरसिंह ने बताया कि मृतक पप्पूसिंह या अविवाहित था। वह ट्रक ड्राइवरी किया करता था। उसका एक बार एक्सीडेंट हो गया था। उसके बाद वह बस चलाने लगा था। आरोपी श्रीमती हेम कंवर अपने पति से 17-18 वर्षों से अलग रह रही है। उसका ससुराल अनूपशहर में है लगभग 17 वर्षों से वह मृतक पप्पूसिंह के साथ रह रही थी। उसका बेटा अमित (30) भी इनके साथ ही रहता था। इंदरसिंह को उसके भतीजे जसवंतसिंह ने कल सोमवार सुबह लगभग 10 बजे फोन पर सूचना दी की चाचा पप्पूसिंह अपने घर में घायल अवस्था में पड़े हैं। उनके सिर में चोट लगी हुई है। घर में इधर-उधर खून भी फैला हुआ है। थानाधिकारी के अनुसार पप्पूसिंह के परिवारजन तुरंत उसके घर पहुंचे। उसे इलाज के लिए हरियाणा के निकटवर्ती एक शहर में ले गए, जहां उसका सीटी स्कैन भी करवाया लेकिन बाद में उसकी मृत्यु हो गई। तब उसके शव को भादरा लाया गया और घटना की सूचना थाने में दी गई। इसके बाद इंद्रजीत सिंह ने रिपोर्ट देते हुए आरोप लगाया कि उसके भाई पप्पूसिंह की हत्या उसके साथ रहने वाली हेम कंवर और उसके बेटे अमित ने की है। पुलिस ने घटनास्थल की गहन जांच पड़ताल तथा वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जताने के लिए एफएसएल तथा एमओबी की टीमों को घटना स्थल पर बुलाया। इन टीमों द्वारा मौके की कार्यवाही करने के बाद कल देर शाम को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्यवाही की गई। पोस्टमार्टम के बाद लाश परिवार वालों के सुपुर्द कर दी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर मौत के सही कारण का पता चल पाएगा। प्रारंभिक तौर पर पुलिस को जानकारी मिली है कि कल सुबह पप्पूसिंह का किसी बात को लेकर अमित के साथ झगड़ा हुआ था। बताया जाता है कि इसी दौरान पप्पूसिंह के चोट लगी।
