
‘संवेदनशीलता और मानवता ही डॉक्टर की सबसे बड़ी पहचान’ : डॉ. वी.एस. तिवारी
हनुमानगढ़(भटनेर एक्सप्रेस) लायंस क्लब हनुमानगढ़ सिटी की ओर से राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) के अवसर पर टाउन स्थित भटनेर पैलेस में चिकित्सक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ चिकित्सकों को उनके चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईएमए अध्यक्ष डॉ. एस.एस. गेट थे। विशिष्ट अतिथि अजय सराफ, प्यारेलाल, राधाकृष्ण सिंगला टीटू और राजेश दादरी रहे। समारोह की अध्यक्षता लायंस क्लब हनुमानगढ़ सिटी के अध्यक्ष डॉ. वी.एस. तिवारी ने की। कार्यक्रम का संचालन एवं वरिष्ठ चिकित्सकों के सम्मान का नेतृत्व डॉ. वी.एस. तिवारी ने किया।
अपने संबोधन में डॉ. वी.एस. तिवारी ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान केवल ज्ञान का विषय नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, धैर्य और समर्पण का त्रिवेणी संगम है। उन्होंने लायंस क्लब के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की परंपरा को क्लब वर्षों से निभा रहा है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। जब चिकित्सा सेवा और सामाजिक सेवा एक मंच पर आती हैं तो एक स्वस्थ, सशक्त और जागरूक समाज का निर्माण होता है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा पद्धति में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), रोबोटिक सर्जरी और नई तकनीकों का तेजी से विस्तार हो रहा है, जो स्वागत योग्य है। लेकिन तकनीक कभी भी डॉक्टर की संवेदनशीलता, ईमानदारी और मानवता का स्थान नहीं ले सकती। मशीनें रोग का उपचार कर सकती हैं, लेकिन मरीज के मन का उपचार केवल एक संवेदनशील चिकित्सक ही कर सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सभ्य समाज के निर्माण के लिए अच्छे डॉक्टरों के साथ-साथ अच्छे इंसानों की भी आवश्यकता है।
इस अवसर पर डॉ. नम्रता बंसल (प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. मदन पारीक (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. विकास चौधरी (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. हरविंदर सिंह (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. जसवीर कौर (पैथोलॉजिस्ट), डॉ. विनोद नेहरा (जनरल सर्जन), डॉ. विनोद नेहरा (प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. सुलभ बंसल (ईएनटी विशेषज्ञ) तथा डॉ. प्रीति सिंघल (रेडियोलॉजिस्ट) सहित अनेक चिकित्सकों का सम्मान किया गया।
समारोह में लायंस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य सोनू नागपाल, सचिव विनोद जाखड़, कोषाध्यक्ष योगेश गर्ग, अंकित रोता, गौरव वेद, नितिन खादरिया, साहिल जिंदल, नितिन खदरिया, नारायण गोयल, मनन टांटिया, मनोज सिंगला, रोहित, अमन टांटिया, मधुसूदन शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में सभी ने चिकित्सकों के समाज के प्रति योगदान की सराहना करते हुए उन्हें डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं दीं।
