
जंक्शन स्टेशन पर किया प्रदर्शन, बोले-बुजुर्ग पेंशनरों के लिए डिजिटल प्रक्रिया कठिन
मैन्युअल पास व्यवस्था बहाल करने की मांग, समाधान नहीं हुआ तो नहीं लेंगे पास
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) रेलवे बोर्ड की ओर से रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन पास जारी करने की प्रस्तावित व्यवस्था के विरोध में बुधवार को रिटायर्ड रेलवे कर्मचारियों ने हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे प्रशासन से वर्षांे से चली आ रही मैन्युअल पास व्यवस्था को यथावत जारी रखने की मांग करते हुए कहा कि नई व्यवस्था से हजारों पेंशनभोगी कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। रेलवे से सेवानिवृत्त लोको पायलट हेमचंद ने बताया कि रिटायर्ड रेलवे कर्मचारियों को शुरू से ही मैन्युअल पास की सुविधा मिलती रही है, जिससे उन्हें यात्रा करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती थी। लेकिन अब रेलवे बोर्ड की ओर से 29 मई को जारी आदेश के आधार पर ऑनलाइन पास प्रणाली लागू करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका सेवानिवृत्त कर्मचारी विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश रिटायर्ड कर्मचारियों के पास एंड्रॉयड मोबाइल फोन नहीं है। जिनके पास स्मार्टफोन है, उनमें से भी कई लोगों को उसका तकनीकी उपयोग करना नहीं आता। बढ़ती उम्र के कारण ऑनलाइन प्रक्रिया को समझना और उसका उपयोग करना उनके लिए बेहद कठिन है। ऐसे में डिजिटल माध्यम से पास जारी करने की व्यवस्था व्यावहारिक नहीं है। हेमचंद ने बताया कि इससे पहले भी रेलवे प्रशासन ने ऑनलाइन पास व्यवस्था लागू करने का प्रयास किया था, लेकिन रिटायर्ड कर्मचारियों के विरोध के बाद रेलवे बोर्ड ने मैन्युअल पास की सुविधा जारी रखी थी। अब एक बार फिर इस व्यवस्था को लागू करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे लगभग सभी पेंशनभोगी रेलवे कर्मचारी प्रभावित होंगे। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि रिटायर्ड कर्मचारियों की सुविधा और उनकी आयु संबंधी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मैन्युअल पास जारी करने की व्यवस्था पहले की तरह बहाल रखी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर विचार नहीं किया गया तो वे रेलवे की ओर से जारी पास का उपयोग नहीं करेंगे और मजबूरन अपने खर्चे पर यात्रा करने के लिए विवश होंगे।
