

भट्ठा कॉलोनी से अभियान का आगाज, एसपी नरेन्द्र सिंह मीना स्वयं रहे मौजूद
नशा बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, नशे के आदी युवाओं का कराया जाएगा उपचार
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने अब व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। नशा तस्करों और नशे के आदी लोगों की पहचान के लिए पुलिस मोहल्लों और कॉलोनियों में डोर-टू-डोर सर्वे कर रही है। अभियान के तहत न केवल नशा बेचने वाले अपराधियों की कुंडली तैयार की जाएगी, बल्कि नशे की लत से जूझ रहे युवाओं को उपचार और पुनर्वास से जोडऩे के भी प्रयास किए जाएंगे। बुधवार, 1 जुलाई से जिला मुख्यालय पर इस विशेष अभियान की शुरुआत जंक्शन क्षेत्र की भट्ठा कॉलोनी से हुई। भट्ठा कॉलोनी के बाद नई खुन्जा में डोर-टू-डोर सर्वे किया गया। अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना स्वयं मौके पर मौजूद रहे। उनके नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई, वृताधिकारी मीनाक्षी, जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां, सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला, बीट प्रभारी तथा बीट कांस्टेबलों ने घर-घर जाकर लोगों से जानकारी जुटाई और क्षेत्र की स्थिति का आकलन किया। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ क्षेत्रों में नशे की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है। इसी आधार पर पहले ऐसे संवेदनशील इलाकों को चिन्हित किया गया है, जहां नशे की समस्या अधिक है। यह अभियान जिले की सभी कॉलोनियों और मोहल्लों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि करीब एक माह तक चलने वाले इस सर्वे के बाद नशा बेचने वाले अपराधियों और नशे के आदी लोगों की अलग-अलग पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जबकि नशे की लत में फंसे युवाओं को उपचार उपलब्ध कराने के लिए परिवारों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यदि उनका बेटा या परिवार का कोई सदस्य नशे का आदी है तो उसे छिपाने के बजाय इलाज के लिए आगे आएं। पुलिस और प्रशासन ऐसे युवाओं को नशामुक्ति की दिशा में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं। राज्य सरकार भी इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
पांच से अधिक मुकदमे तो खुलेगी एचएस
एसपी मीना ने बताया कि जिले में सूचना मिलने पर पुलिस प्रतिदिन एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है। वहीं जिन अपराधियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के पांच या उससे अधिक मामले दर्ज हैं, उनकी हिस्ट्रीशीट (एचएस) खोली जा रही है। जिले में ऐसे करीब 150 अपराधियों को चिन्हित किया गया है, जिन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। एसपी ने बताया कि नशामुक्ति अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए मशहूर कॉमेडियन ख्याली सहारण के सहयोग से 3 जुलाई से 17 जुलाई तक जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बड़े कस्बों और शहरों में नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा तथा युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस, प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही जिले को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।
