
जोधपुर डिस्कॉम अधिकारियों से मिले वार्डवासी, एक्सईएन ने स्थाई समाधान का दिया आश्वासन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जंक्शन के वार्ड नंबर 50 में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही रात्रिकालीन बिजली कटौती से परेशान क्षेत्रवासियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। बुधवार को वार्डवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने जोधपुर डिस्कॉम कार्यालय पहुंचकर अधिकारी हरीश चंद्र ढालिया से मुलाकात की और जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर कार्यालय का घेराव कर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वार्ड के चूना फाटक, सेक्टर 9 एक्सटेंशन और कैनाल कॉलोनी क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से रात के समय बार-बार बिजली गुल हो रही है। लगातार बिजली कटौती के कारण लोगों की नींद, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी में रातभर बिजली नहीं रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महेंद्र चतुर्वेदी ने अधिकारी हरीश चंद्र ढालिया से कहा कि यदि शीघ्र ही बिजली समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया गया तो वार्डवासी मजबूर होकर आंदोलन करेंगे और बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे। सुभाष शर्मा ने आरोप लगाया कि बिजली गुल होने पर विभागीय अधिकारियों और एफआरटी के कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते। इसके कारण लोगों को बार-बार जोधपुर डिस्कॉम के उच्च अधिकारियों से संपर्क कर समस्या का समाधान करवाना पड़ता है। इस पर हरीश चंद्र ढालिया ने मौके पर ही जोधपुर डिस्कॉम के एसई से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने बताया कि एक्सईएन बुधवार रात 10 बजे से गांधीनगर जीएसएस पर स्वयं मॉनिटरिंग करेंगे तथा तकनीकी खामियों का पता लगाकर समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे। इस दौरान महेंद्र चतुर्वेदी, सुभाष शर्मा, लखविंद्र सिंह, शौर्यवर्धन सक्सेना, सुधीर, चक्रधर, मुकेश झा, अनिल शर्मा, रितेश, चंदन, मनोज, मनीष झा, पवन, दलजीत सिंह, पूचना, राजेश, रणजीत, विनोद, विवेकानंद, सुनील, अजीत, कुंदन, बबलू, सुरेंद्र सहित वार्ड के अनेक नागरिक मौजूद रहे।
