
चयनित नवाचारों को मिलेगी 15 लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता, 14 जुलाई तक किए जा सकते हैं आवेदन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय, हनुमानगढ़ ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय को एमएसएमई आइडिया हैकाथॉन 6.0 के लिए उत्तर-पश्चिम राजस्थान का एकमात्र एमएसएमई इनोवेटिव होस्ट इंस्टीट्यूट चुना गया है। यह हैकाथॉन भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) तथा इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी), शिक्षा मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। श्री गुरु गोबिंद सिंह चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय हमेशा से विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं युवा नवाचारकर्ताओं को अनुसंधान, स्टार्टअप और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करता रहा है। एमएसएमई आइडिया हैकाथॉन 6.0 विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों सहित क्षेत्र के युवाओं के लिए अपने नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने तथा उन्हें व्यावसायिक रूप देने का एक सुनहरा अवसर है। विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन वरुण यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना है। उन्होंने कहा कि यह हैकाथॉन युवाओं की प्रतिभा को नई दिशा देने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने बताया कि इस हैकाथॉन के माध्यम से चयनित नवाचारों को प्रति स्वीकृत आइडिया 15 लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इस सहायता से प्रतिभागी अपने अभिनव विचारों को कार्यशील प्रोटोटाइप तथा सफल स्टार्टअप के रूप में विकसित कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के इन्क्यूबेशन सेंटर के निदेशक एवं कैंपस समन्वयक डॉ. अवधेश शर्मा ने बताया कि हैकाथॉन के अंतर्गत प्रतिभागी छह प्रमुख विषयों पर अपने नवाचार प्रस्तुत कर सकते हैं। इनमें नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता, ऑटोमोटिव प्रौद्योगिकी, इंडस्ट्री 4.0 एवं 5.0, रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन तथा अन्य उभरती हुई अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियां शामिल हैं। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने चयनित विषय पर एक कार्यशील प्रोटोटाइप विकसित करना होगा। इस प्रतियोगिता में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी भारतीय नागरिक, विद्यार्थी, शोधार्थी, नवाचारकर्ता, स्टार्टअप, उद्यमी तथा उद्यम (यूडीएम) पोर्टल पर पंजीकृत एमएसएमई इकाइयां हिस्सा ले सकती हैं। डॉ. शर्मा ने बताया कि हैकाथॉन के लिए आवेदन प्रक्रिया 27 जून से प्रारंभ हो चुकी है, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 14 जुलाई निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागी एमएसएमई के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर होस्ट संस्थान के रूप में श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय, हनुमानगढ़ का चयन करें। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का इन्क्यूबेशन सेंटर आवेदन प्रक्रिया, आइडिया चयन, परियोजना प्रस्ताव तैयार करने तथा प्रोटोटाइप विकास से संबंधित तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराएगा, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभागी इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का लाभ उठा सकें। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों, शोधार्थियों, युवा उद्यमियों, स्टार्टअप्स एवं नवाचारकर्ताओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह मंच नवीन विचारों को उद्योगों से जोडऩे, उन्हें व्यावसायिक स्वरूप प्रदान करने तथा ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की अवधारणा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
