
किराए के मकान में खून से लथपथ मिला था युवक का शव
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) भादरा थाना पुलिस ने युवक की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज होने के महज 36 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में एक पॉक्सो एक्ट तथा आबकारी एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि 29 जून को इन्द्र सिंह निवासी कलाना ने भादरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि सुबह करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई पेपसिंह उर्फ पप्पूसिंह पुत्र जसवंत सिंह, जो भादरा के वार्ड नंबर 11 में पुरानी मस्जिद के पास किराए के मकान में रहते थे, गंभीर हालत में हैं। सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो उनके भाई का शव आंगन में पड़ा मिला। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और पूरा आंगन खून से लथपथ था। परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि घटना वाली रात हेम कंवर और उसका पुत्र अमित राजपूत मृतक के मकान में मौजूद थे, लेकिन घटना के बाद दोनों वहां से फरार हो गए। परिवादी ने दोनों पर हत्या का संदेह जताया। इस पर भादरा थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच का जिम्मा थाना प्रभारी लखवीर सिंह को सौंपा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सेक्टर नोहर) गीता चौधरी, आरपीएस प्रोबेशनर एवं वृताधिकारी भादरा राजेन्द्र कुमार तथा थाना प्रभारी लखवीर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर एमओबी और एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी अमित सिंह (30) पुत्र नरेश सिंह राजपूत निवासी अनूपशहर को जिला विशेष टीम के सहयोग से दस्तयाब कर पूछताछ के बाद बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में पंजाब के संगरूर जिले के मूनक थाना में पॉक्सो एक्ट का एक मामला तथा भादरा थाना में आबकारी एक्ट के दो प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और घटनाक्रम के संबंध में आगे की जांच कर रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी लखवीर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश, कांस्टेबल देवीलाल, मदनलाल तथा सुशीला शामिल रहे।
