
‘लाल लकीर’ क्षेत्र के परिवारों को बिना शुल्क पट्टे देने, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की मांग
समस्या का समाधान नहीं होने पर बेमियादी धरने की चेतावनी
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) आदर्शवादी कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर हनुमानगढ़ में पट्टा वितरण में कथित अनियमितताओं और ‘लाल लकीर’ क्षेत्र की भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की। बीकानेर संभाग प्रभारी धन्ने सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रदेश सरकार के ‘शहर में संपूर्ण कार्य’ शिविरों में पट्टा वितरण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों की ओर से सर्वे कराए जाने के बावजूद स्थाई समाधान नहीं हो सका, जिससे लोगों का समय और लाखों रुपए व्यर्थ हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरपंचों और ग्राम सेवकों की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों पर भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। यह समस्या केवल हनुमानगढ़ शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले के शहरी सीमा में शामिल गांवों के लोगों को भी प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के समय से लाल डोरा के अंतर्गत आने वाली ‘लाल लकीर’ आबादी में 70-80 वर्षांे से निवास कर रहे अधिकांश परिवार आज भी पट्टों से वंचित हैं। उन्होंने पट्टा प्रक्रिया में दलालों की सक्रियता और अवैध वसूली होने का भी आरोप लगाया। साथ ही आरोप लगाया कि नगर परिषद में पट्टा, लीज, डीड और नामांतरण से संबंधित सीटों पर वर्षांे से एक ही अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं, जिससे आमजन के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। ज्ञापन में भूमि शाखा के गंगाराम (एसआई) और आरिफ खान (यूडीसी) पर लोगों को परेशान करने, फाइलें लंबित रखने और रिश्वत लेने जैसे आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें ‘लाल लकीर’ बस्तियों में बिना शुल्क एकमुश्त पट्टा वितरण, पूर्व सर्वे और सरपंचों की अनुशंसाओं को मान्यता, 60 दिन में जिला स्तरीय समिति से समाधान, शिविरों की वीडियोग्राफी, अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ एफआईआर, वसूले गए शुल्क की जांच, पट्टा एवं नामांतरण शाखा में तीन वर्ष से अधिक समय से जमे कर्मचारियों के अनिवार्य तबादले तथा सभी सरकारी विभागों के मुख्य द्वार पर उच्च अधिकारियों, सतर्कता अधिकारियों के मोबाइल नंबर, लैंडलाइन और वेबसाइट की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने की मांग शामिल है। धन्ने सिंह राठौड़ ने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आदर्शवादी कांग्रेस पार्टी बेमियादी धरना शुरू करेगी। इस मौके पर डॉ. प्रेम सिंह शेखावत, भूपेंद्र सिंह, शक्ति सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
