
बैट बीएमएस मोबाइल एप के कथित दुरुपयोग का लगाया आरोप
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) सर्वसमाज ई-रिक्शा यूनियन ने गुरुवार को जंक्शन थाना व साइबर थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर बैट बीएमएस नामक मोबाइल एप के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। यूनियन जिलाध्यक्ष कतर सिंह ने बताया कि जिला मुख्यालय पर बड़ी संख्या में ई-रिक्शा संचालित होते हैं, जो यात्रियों के लिए सुविधाजनक होने के साथ-साथ प्रदूषण मुक्त परिवहन का साधन भी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व बैट बीएमएस नामक मोबाइल एप डाउनलोड कर चलते हुए ई-रिक्शों की बैटरी बंद कर देते हैं। इस वजह से ई-रिक्शा चालकों का रोजगार प्रभावित हो रहा है और वाहन में सवार यात्रियों को भी बीच रास्ते में परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि चलते वाहन की बैटरी अचानक बंद हो जाए तो इससे सुरक्षा संबंधी खतरा भी उत्पन्न हो सकता है। ई-रिक्शा चालकों ने पुलिस से मांग की कि ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर इस एप के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाई जाए, ताकि ई-रिक्शा चालकों की आजीविका प्रभावित न हो। इस मौके पर यूनियन के तहसील अध्यक्ष विकास झोरड़, उपाध्यक्ष नक्षत्र सिंह, सुभाष आलडिय़ा, महासचिव संतोष पूनिया, आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रेवंतराम पंवार, जग्गा सिंह, रामू, जगत सिंह, अनिल, पवन, उमेश, गुरमेल सहित यूनियन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
