
नागौर निवासी आरोपी से नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ जारी
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले में नशा तस्करी और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने 59 किलो 230 ग्राम डोडा पोस्त बरामदगी के मामले में करीब छह माह से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा एवं शराब तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, अन्य अवैध धंधों और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ वांछित अपराधियों, गैंगस्टरों एवं उनके सहयोगियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में तलवाड़ा झील थाना प्रभारी जगदीश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने संगरिया पुलिस थाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण संख्या 43/2026 में करीब छह माह से फरार चल रहे आरोपी राकेश (24) पुत्र डालूराम गोदारा निवासी वार्ड नंबर 9, रोही डेरवा, पोस्ट खारी करमसोता ग्राम पंचायत कालड़ी पीएस श्रीबालाजी जिला नागौर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 एवं 25 के तहत मामला दर्ज है। उससे इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि 21 जनवरी 2026 को कार्रवाई के दौरान संगरिया थाना पुलिस ने श्यामाराम पुत्र डूंगरराम सुथार निवासी भोमासर पीएस पांचूड़ी जिला नागौर को 59 किलो 230 ग्राम डोडा पोस्त तथा एक कार सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान तलवाड़ा झील थाना प्रभारी जगदीश सिंह को सौंपा गया था। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल कालूराम, कांस्टेबल देशराज और सतीश शामिल रहे। इस कार्रवाई में कांस्टेबल सतीश की विशेष भूमिका रही।
