
दोषियों को फांसी देने की उठाई मांग
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) पड़ोसी जिले श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय बालिका को रिक्शा चालक की ओर से होटल मालिकों को बेचने व उन होटलों में बालिका के साथ बार-बार दुष्कर्म की घटना के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला कलक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की गई। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय बालिका के साथ हुई घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। उनके अनुसार ऐसे अपराधियों के लिए फांसी की सजा भी कम है। मक्कासर ने आरोप लगाया कि कुछ होटलों में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं और श्रीगंगानगर की घटना उसी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते सख्ती नहीं बरतेगा तो इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति अन्य स्थानों पर भी हो सकती है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान में अपराध बढ़ रहे हैं और आमजन में असुरक्षा की भावना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भाजपा नेताओं ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर विरोध जताया था, लेकिन अब प्रदेश में ऐसी घटनाएं होने के बावजूद वे मौन हैं। कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि पीडि़ता को शीघ्र न्याय दिलाया जाए, दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा जांच के दौरान किसी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। साथ ही महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाए जाएं। मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर आगे भी संघर्ष जारी रखेगी। इस मौके पर प्रदेश महासचिव रविन्द्र बेनीवाल, पूर्व पार्षद गुरदीप चहल सहित कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
