
छह नामजद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) भादरा थाना पुलिस ने एक किन्नर के घर पर देर रात हमला कर वाहन में आग लगाने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में तीन नामजद और 4-5 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी रिपोर्ट में शिल्पा महंत (36) पुत्री (चेली) डाली बाई निवासी वार्ड नंबर 10, गांव नेठराना पीएस गोगामेड़ी हाल वार्ड नंबर 11, भादरा ने बताया कि वह किन्नर समाज से जुड़ी है और अपने समाज के लोगों के साथ शांतिपूर्वक जीवनयापन करती है। शिकायत के अनुसार कुलदीप उर्फ बिट्टू (बिद्धू) पुत्र रामजीलाल बेनीवाल निवासी खच्चवाना तहसील भादरा हाल वाल्मीकि चौक, भादरा उससे रंजिश रखता है और पहले भी कई बार जान-माल का नुकसान पहुंचाने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दे चुका है। शिल्पा का कहना है कि उसने कई बार उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार जान से मारने की धमकी देता रहा। रिपोर्ट के अनुसार 28 जून की रात करीब 1.30 बजे कुलदीप उर्फ बिट्टू, रमेश कलाल निवासी डाबड़ी, संदीप निवासी ढाणी झाझडिय़ा तथा उनके साथ आए 4-5 अन्य अज्ञात व्यक्ति शिल्पा के घर पहुंचे। शिकायत में कहा गया है कि सभी ने अपने चेहरे गमछों से ढके हुए थे तथा उनके हाथों में लाठी-डंडे और पेट्रोल से भरी बोतलें थीं। आरोप है कि आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी बोलेरो नंबर एचआर 16 क्यू 0231 पर लाठी-डंडों से हमला कर उसके शीशे तोड़ दिए। शीशे टूटने की आवाज सुनकर शिल्पा, ममता, वैदिका, मुस्कान, रिंकू तथा आसपास के पड़ोसी जाग गए। जब उन्होंने आरोपियों को ललकारा तो उन्होंने कथित रूप से कहा कि कुलदीप उर्फ बिद्धू ने जो धमकी दी थी, उसका परिणाम देख लिया है। अभी तो सिर्फ ट्रेलर देखा है, एक-दो दिन में तुम्हें जान से मार देंगे। इसके बाद आरोपियों ने कथित रूप से दूसरी बोलेरो कैंपर नंबर एचआर 05 एएक्स 8762 पर पेट्रोल छिडक़कर उसमें आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। परिवाद में शिल्पा ने आरोप लगाया कि कुलदीप आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और भविष्य में भी वह स्वयं या अपने साथियों के माध्यम से उसके तथा उसके साथ रहने वाली चेलियों के साथ गंभीर वारदात कर सकता है। उसने स्वयं और अपने साथ रहने वाले लोगों की सुरक्षा की मांग भी की है। शिकायत के आधार पर भादरा थाना पुलिस ने कुलदीप उर्फ बिट्टू (बिद्धू) पुत्र रामजीलाल बेनीवाल, रमेश कलाल, संदीप तथा 4-5 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक दुनीराम को सौंपी गई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
