
हनुमानगढ़(भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान समान नागरिक संहिता विधेयक-2026 पर चर्चा, सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित करने के लिए प्रारूप समिति की सदस्य डॉ. शुचि चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई।
हनुमानगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में प्रस्तावित कानून के उद्देश्यों एवं विभिन्न प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद कर उनके सुझाव और विचार आमंत्रित किए गए। बैठक में बताया गया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद-44 में राज्य को भारत के समस्त राज्यक्षेत्र में नागरिकों के लिए समान नागरिक संहिता प्राप्त करने का प्रयास करने का निर्देश दिया गया है। आमजन से भी इस संबंध में अपने सुझाव एवं विचार साझा करने की अपील की है। इच्छुक नागरिक https://ucc.rajasthan.gov.in पर जाकर अपने सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं। बैठक में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, विधायक श्री विनोद गोठवाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री उम्मेदीलाल मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती राजकंवर, एसडीएम श्री मांगीलाल सुथार, सशक्त नारी संगठन से श्रीमती मिताली अग्रवाल, इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रवक्ता श्री मोहनलाल इंदलिया, आम आदमी पार्टी प्रदेश सचिव श्री राजवीर माली, सहयोग शक्ति से श्रीमती प्रेरणा दहिया, भाजपा जिला प्रवक्ता श्री आशीष पारीक, गुरुद्वारा प्रेम नगर के सभापति श्री बलकौर सिंह ढिल्लों, व्यापार संघ अध्यक्ष श्री पदम जैन, पुरानी खूंजा से श्री आजम अली, श्री इमाम अली सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रस्तावित कानून के प्रमुख उद्देश्य—
– बहुविवाह पर पूर्ण रोक
– लिव-इन रिलेशनशिप का अनिवार्य पंजीकरण
– भरण-पोषण की समान व्यवस्था
– विवाह एवं विवाह-विच्छेद (तलाक) का अनिवार्य पंजीकरण
– पैतृक संपत्ति में बेटा-बेटी को समान अधिकार
