
नशा तस्करों पर प्रहार: 29 मुकदमों के आरोपी विनोद नायक के कब्जे पर कार्रवाई
एसपी नरेंद्र सिंह मीना बोले-नशे के कारोबारियों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शेंगे
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिले में मादक पदार्थां की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस और नगर पालिका प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों के अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई के नेतृत्व में रावतसर और भादरा क्षेत्र में यह अभियान चलाया गया। बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश तथा पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थांे की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत रावतसर थाना पुलिस को वार्ड 25 निवासी हिस्ट्रीशीटर विनोद कुमार नायक के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में उसे चिट्टा तस्करी सहित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताया गया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि विनोद कुमार नायक के खिलाफ जुआ-सट्टा, अवैध शराब, चोरी, आम्र्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें कई मामलों में न्यायालय उसे सजा सुना चुका है, जबकि एनडीपीएस एक्ट के मामले में वह वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में है। अन्य कई मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। शुक्रवार को रावतसर थाना प्रभारी ईश्वरानंद के नेतृत्व में पुलिस टीम और नगर पालिका प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपी के मकान के आगे सार्वजनिक गली पर किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक शिशपाल एवं सुखवीर सिंह सहित पुलिस टीम मौजूद रही। वहीं नगर पालिका की ओर से अधिशासी अधिकारी शैलेन्द्र गोदारा, निरीक्षक प्रहलाद मटोरिया तथा उनकी टीम ने कार्रवाई में सहयोग किया। पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने बताया कि रावतसर के अलावा भादरा क्षेत्र में भी नशा तस्करों के अवैध निर्माण और कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस अभियान का उद्देश्य न केवल अपराधियों पर कानूनी शिकंजा कसना है, बल्कि उनके अवैध कब्जों और आर्थिक नेटवर्क को भी ध्वस्त करना है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा और मादक पदार्थांे की तस्करी तथा अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
