
राजस्थान पेंशनर समाज ने रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन, श्रद्धालुओं, सैनिकों व पेंशनर्स की सुविधा का उठाया मुद्दा
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान पेंशनर समाज, हनुमानगढ़ जंक्शन की ओर से जैसलमेर से भटिंडा (बीटीआई) के बीच सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू करने की मांग को लेकर रेल मंत्री के नाम एक ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक, उत्तर पश्चिम रेलवे, हनुमानगढ़ जंक्शन के माध्यम से भेजा गया। ज्ञापन की प्रतिलिपि उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक, जयपुर तथा मंडल रेल प्रबंधक, जोधपुर को भी प्रेषित की गई।ज्ञापन में बताया गया कि जैसलमेर-भटिंडा के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से रामदेवरा (रूणिचा धाम) और श्री दमदमा साहिब गुरुद्वारा जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान बठिंडा से वाया हनुमानगढ़, सूरतगढ़, लालगढ़, फलोदी रूट से जैसलमेर तक रेलवे लाइन होने के बावजूद सीधी रेल सेवा नहीं है, यात्रियों को बार बार ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और परिवारों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।राजस्थान पेंशनर समाज ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि बरनाला, रामपुरा, रामा, कालांवाली, सिरसा, मौड़, कोटकपूरा, जैतो, भटिंडा सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में रामदेवरा दर्शन के लिए जाते हैं। वहीं डबवाली, संगरिया, हनुमानगढ़, ऐलनाबाद, नोहर, रावतसर और सादुलशहर क्षेत्र के लोग भी नियमित रूप से इस रूट से यात्रा करते हैं। दूसरी ओर जैसलमेर, रामदेवरा, फलोदी, लालगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के सिक्ख श्रद्धालु श्री दमदमा साहिब गुरुद्वारा की यात्रा के लिए भटिंडा की ओर आते हैं साथ ही जैसलमेर बॉर्डर से सैनिकों कि आवाजाही भी इसी रूट से होती है लेकिन सीधी रेल सुविधा नहीं होने से उन्हें कई बार ट्रेन या बस बदलनी पड़ती है।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि जैसलमेर से बठिंडा रेल सेवा का संचालन होता है तो कर्मचारी, किसान, सैनिक, पेंशनर्स और आम यात्री अपने परिवारों एवं रिश्तेदारों से मिलने के लिए अधिक सुविधाजनक यात्रा कर सकेंगे। विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर्स के लिए बार-बार ट्रेन बदलना काफी कठिन होता है।राजस्थान पेंशनर समाज ने रेलवे प्रशासन का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया कि जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर कई रेल रैक लंबे समय तक खड़े रहते हैं। ऐसे में एक अतिरिक्त रैक की उपलब्धता से जैसलमेर-भटिंडा-जैसलमेर एक्सप्रेस का संचालन बिना अधिक कठिनाई के शुरू किया जा सकता है।
समाज ने रेल मंत्री से जनहित और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र इस नई रेल सेवा का संचालन शुरू करने की मांग की है, ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और सुगम रेल संपर्क उपलब्ध हो सके।इस मौके पर पेनशनर समाज से उपाध्यक्ष रमेश दरगन, सचिव ललित कुमार चड्ढ़ा, कोषाध्यक्ष गौरीशंकर, प्रचारमंत्री गुरदीप सिंह सोहल, राजीव कुमार मिश्रा, विशु वर्मा व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
