
अनाज मंडी मजदूर यूनियन सीटू का पांचवां सम्मेलन सम्पन्न
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) अनाज मंडी मजदूर यूनियन (सीटू) शाखा डबलीराठान का पांचवां सम्मेलन डबलीराठान स्थित शहीद भगत सिंह पुस्तकालय में आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता बूटासिंह, कुलदीप सिंह एवं संदीप कुमार के तीन सदस्यीय अध्यक्ष मंडल ने की। सम्मेलन में मजदूरों के अधिकारों, श्रम कानूनों में हुए बदलाव और संगठन को मजबूत बनाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए अनाज मंडी मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष रामेश्वर वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में देश के मजदूर वर्ग के सामने गंभीर चुनौतियां हैं। केन्द्र सरकार की ओर से चार श्रम संहिताओं (लेबर कोड) को लागू कर उनकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। लंबे संघर्षांे के बाद मजदूरों को मिले अनेक अधिकारों और कानूनी सुरक्षा प्रावधानों को समाप्त कर दिया गया है, जिससे श्रमिकों के हित प्रभावित हुए हैं। उन्होंने मजदूरों से इन नीतियों के विरोध में संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। जिला सचिव सुल्तान खान ने कहा कि मजदूर वर्ग को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होना होगा। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की एकता, भाईचारा और वर्गीय चेतना को मजबूत किए बिना उनके हितों की रक्षा संभव नहीं है। उन्होंने मजदूरों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक रूप से आवाज उठाने का आह्वान किया। इसके बाद यूनियन के सचिव ने पिछले वर्ष की कार्य रिपोर्ट एवं आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। रिपोर्ट पर सात प्रतिनिधियों ने चर्चा में हिस्सा लेते हुए अपने सुझाव रखे और संगठन को अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया। सम्मेलन के दौरान सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें बूटा सिंह को अध्यक्ष, खुशाल कुमार को उपाध्यक्ष, कुलदीप कुमार को सचिव, संदीप कुमार को कोषाध्यक्ष तथा जसविंद्र सिंह, सुखराम और चरणजीत सिंह को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। नवगठित कार्यकारिणी को संगठन को मजबूत बनाने, मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने तथा श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर निरंतर कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।
