
विशेषज्ञ चिकित्सक करेंगे स्वास्थ्य परीक्षण व परामर्श
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर तथा श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के तत्वावधान में 6 जुलाई को जंक्शन के गांधीनगर स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में नि:शुल्क आयुर्वेद-नेचुरोपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 9 से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगा। इसमें अनुभवी आयुर्वेदाचार्य एवं प्राकृतिक चिकित्सक विभिन्न रोगों से पीडि़त मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। शिविर में आमजन के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सकों से व्यक्तिगत परामर्श तथा संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान किडनी, लीवर, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थायराइड, मोटापा, जोड़ों एवं घुटनों का दर्द, रीढ़ संबंधी समस्याएं, स्लिप डिस्क (एल4-एल5), नसों के रोग, अस्थमा, अनिद्रा, मिर्गी तथा अन्य दीर्घकालिक बीमारियों के लिए आयुर्वेद एवं नेचुरोपैथी पद्धति के माध्यम से उपचार एवं परामर्श दिया जाएगा। वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, तनाव और अनियमित खान-पान के कारण अनेक लोग गंभीर एवं दीर्घकालिक बीमारियों से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे समय में आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा रोगों के उपचार के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गांे, महिलाओं, युवाओं एवं दीर्घकालिक बीमारियों से पीडि़त लोगों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण करवाने का आग्रह किया। श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के अध्यक्ष अश्वनी नारंग ने बताया कि इस प्रकार के चिकित्सा शिविरों का उद्देश्य केवल रोगों का उपचार करना नहीं, बल्कि लोगों को आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है। शिविर प्रभारी अनिल जांदू ने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति में आयोजित यह शिविर क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी पहल साबित होगा।
