
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) जिला प्रशासन-पुलिस श्रीगंगानगर के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “नशा मुक्ति जन-जागृति अभियान” का शुभारंभ शुक्रवार सायं राजकीय डिग्री कॉलेज, सादुलशहर में हुआ। कार्यक्रम में 4000 से अधिक नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं महिलाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने इसे जन-जागरूकता का एक विशाल जन-आंदोलन बना दिया।

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी श्री संजय अग्रवाल, अधिशासी अधिकारी, विकास अधिकारी, सीबीईओ एवं पुलिस प्रशासन की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर सामाजिक चेतना का परिचय दिया।
कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में प्रसिद्ध कॉमेडियन ख्याली सहारण की प्रस्तुति विशेष रही। जैसे ही ख्याली सहारण मंच पर पहुंचे, पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और लोगों ने खड़े होकर उनका स्वागत किया। उन्होंने हास्य, व्यंग्य और प्रेरणादायक संदेशों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

रश्मि ने अपनी मधुर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया, वहीं राजस्थानी लोक संस्कृति एवं पर्यटन को बढ़ावा देने वाले रंगारंग लोकनृत्यों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विक्रम ज्याणी एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत नशा मुक्ति पर आधारित प्रभावशाली नाटक ने युवाओं को गहराई से प्रभावित किया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत योग प्रदर्शन ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया और खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का एक अन्य विशेष आकर्षण जूनियर गोविंदा की प्रस्तुति रही, जिन्होंने मनोरंजन के साथ-साथ नशामुक्ति का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के समापन पर हजारों लोगों ने अपने मोबाइल फोन की टॉर्च जलाकर नशे के खिलाफ एकजुटता दिखाई तथा स्वयं, अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
अभियान का अगला कार्यक्रम 6 जुलाई को सायं 7 बजे श्रीकरणपुर स्थित अग्रसेन पार्क में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।

