
कलेक्टर व एसपी को सौंपा ज्ञापन, महिला सुरक्षा, नशे पर रोक और कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग
हनुमानगढ़(भटनेर एक्सप्रेस)महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर बढ़ती जनचिंता के बीच गुरुवार को हनुमानगढ़ में सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलक्टर एवं जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन में हाल ही में श्रीगंगानगर में एक नाबालिग बालिका के साथ हुई जघन्य घटना का उल्लेख करते हुए कहा गया कि इस प्रकार की घटनाएं पूरे समाज को झकझोरने वाली हैं और इनके कारण अभिभावकों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि हनुमानगढ़ में संचालित होटल, कैफे, बार तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लाइसेंस एवं आवश्यक अनुमतियों की व्यापक जांच कराई जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।ज्ञापन में शहर में संचालित कोचिंग सेंटर, गर्ल्स पीजी, लाइब्रेरी एवं अन्य ऐसे स्थानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण कराने की भी मांग की गई। प्रतिनिधियों का कहना था कि छात्राओं के आवागमन वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना समय की आवश्यकता है।सर्वसमाज ने शहर में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई। ज्ञापन में सिकलीगर मोहल्ला, रूपनगर, झेडू बस्ती, दशहरा मैदान सहित टाउन एवं जंक्शन के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष पुलिस गश्त बढ़ाने और नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाने की मांग की गई। उनका कहना था कि नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगने से अपराधों में भी कमी आएगी।इसके अलावा सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के शिक्षकों और प्रबंधन समितियों को विद्यार्थियों पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश देने तथा विशेष रूप से बालिका विद्यालयों में स्कूल लगने और छुट्टी के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी रखी गई। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में 24 घंटे के भीतर एफआईआर दर्ज कर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्र में सक्रिय निगरानी रखने के निर्देश दिए जाएं।ज्ञापन में सभी सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों में बालिकाओं की ऐसी पोशाक निर्धारित करने का भी आग्रह किया गया जिससे उनका शरीर पूरी तरह आवृत रहे। सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जिला प्रशासन से ज्ञापन में शामिल सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।ज्ञापन देने वालो में पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक, विधायक गणेश राज बंसल, व्यापार मण्डल शिक्षा समिति अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्याण, गुरूद्वारा सुखा सिंह महताब सिंह से बाबा जोगा सिंह, प्रेमनगर गुरूद्वारा सभापति बलकरण सिंह ढिल्लो, प्रधान गुरबूटा सिंह बराड़, उपप्रधान जगदीप सिंह, अमरजीत सिंह कौड़ा, जगदीश सिंह मुत्ती, धर्मप्रचार कमेटी प्रधान सुरजीत सिंह वजीतपुरिया, विकास शर्मा, राम कुक्कड़, फुडग्रेन मर्चेन्टस सचिव दलीप सिंह ढिल्लो, बलविन्द्र सिंह, बाबा युवराज सिंह, बाबा ईशर सिंह, विक्रमजीत सिंह, सुशील जैन, कपूर सिंह कौड़ा, नरेश छाबड़ा, गुरमेल सिंह बजीतपुरिया, हाजी अल्लादीन, इस्ताक भाटी, वली मोहम्मद काला, बलविंदर सिंह सरपंच, बग्गा सिंह, ओम आसोपा, बलकरण सिंह गिल, जगदीप सिंह मुकर उपप्रधान, व सर्व समाज के प्रतिनिधि मौजूद थे।
