
हनुमानगढ़ पुलिस ने वीरा केन्द्र की टीम को किया जागरूक
हनुमानगढ़। आमजन को डिजिटल पुलिस सेवाओं से जोडऩे और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हनुमानगढ़ साइबर पुलिस की कांस्टेबल संतोष कुमारी ने शनिवार को महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र की टीम के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में राजकोप सिटीजन एप की उपयोगिता, डिजिटल पुलिस सेवाओं तथा साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि राजस्थान पुलिस के राजकोप सिटीजन एप के माध्यम से नागरिक घर बैठे शिकायत दर्ज कर सकते हैं, शिकायत की प्रगति देख सकते हैं, एफआईआर संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा पुलिस से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून के तहत प्रतिबंधित मामलों से संबंधित एफआईआर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं होती। कांस्टेबल संतोष कुमारी ने बताया कि राजकोप एप केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम ही नहीं, बल्कि आमजन और पुलिस के बीच डिजिटल संवाद स्थापित करने का प्रभावी प्लेटफॉर्म भी है। ऐप में एसओएस सुविधा, तत्काल पुलिस सहायता, किरायेदार एवं घरेलू नौकर सत्यापन, नजदीकी पुलिस थाना खोजने, महिला, बाल एवं साइबर अपराध हेल्पलाइन तक पहुंच, खोया सामान रिपोर्ट दर्ज कराने तथा पुलिस थाना विजिट पर फीडबैक देने जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। कार्यक्रम में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर भी विशेष चर्चा की गई। पुलिस ने बताया कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति पर जल्द विश्वास न करने, संदिग्ध लिंक या संदेशों से सावधान रहने तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। पुलिस ने वीरा केन्द्र की सदस्यों से अपील की कि वे स्वयं डिजिटल पुलिस सेवाओं की जानकारी रखें और अपने परिवार, पड़ोस तथा समाज के अन्य लोगों को भी राजकोप एप एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल सेवाओं का सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग कर सकें। इस मौके पर वीरा केन्द्र की सदस्य रितिका छाबड़ा, अंजना जैन, मंजुला गर्ग, मंजू दत्त एवं प्रेक्षा बांठिया सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं।
कर्तव्य के साथ सामाजिक सरोकार भी निभा रही पुलिस
महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र की अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने कार्यक्रम के लिए हनुमानगढ़ पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण दायित्व भी निभा रही है। उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच राजकोप एप जैसी डिजिटल सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वीरा केन्द्र की सदस्याएं इस जानकारी को अधिक से अधिक महिलाओं और आम नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी, जिससे लोग साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक हो सकें। कंचन गुप्ता ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताते हुए कहा कि पुलिस और समाज के बीच इस तरह का संवाद नागरिकों का विश्वास मजबूत करने के साथ-साथ तकनीक के सुरक्षित उपयोग को भी बढ़ावा देता है।
