
परिवार कल्याण में उत्कृष्ट कार्य पर मिला राज्य स्तरीय सम्मान
भोजासर ग्राम पंचायत को भी मिला राज्य स्तरीय सम्मान
हनुमानगढ़। विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर शनिवार को जयपुर से आयोजित राज्य स्तरीय वर्चुअल कार्यक्रम में हनुमानगढ़ जिले ने परिवार कल्याण कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेशभर में अपनी अलग पहचान बनाई। जिले के मुण्डा गांव की आशा सहयोगिनी कौशल्या देवी को राज्य में दो बच्चों के बाद सर्वाधिक 34 नसबंदी प्रकरण प्रेरित करने पर राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि पर उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं 5 हजार रुपए की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम तथा निदेशक (आरसीएच) डॉ. मधु रतेश्वर की मौजूदगी में यह सम्मान घोषित किया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अखिलेश शर्मा एवं बीसीएमओ डॉ. कुलदीप बराड़ ने कौशल्या देवी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर ग्राम पंचायत भोजासर (पंचायत समिति भादरा) को भी परिवार कल्याण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त होने पर प्रशस्ति पत्र एवं 1 लाख रुपए की नकद पुरस्कार राशि प्रदान किए जाने की घोषणा की गई। इस मौके पर डीपीसी संदीप बिश्नोई, एएसओ विकास चौहान, बीपीओ अनिता सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहे।
जिला कलक्टर ने चिकित्सा विभाग को दी बधाई
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अखिलेश शर्मा ने कौशल्या देवी, ग्राम पंचायत भोजासर तथा परिवार कल्याण कार्यक्रम से जुड़े सभी चिकित्साकर्मियों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशन में जिले में परिवार कल्याण सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम राज्य स्तर पर भी दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आशा सहयोगिनी कौशल्या देवी की उपलब्धि अन्य स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग भविष्य में भी आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
