
कड़ी सुरक्षा के बीच सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा शुरू, 18 जुलाई तक दो पारियों में होंगी परीक्षाएं
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा रविवार को शुरू हुई। पहले दिन जिला मुख्यालय पर परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। जिले में परीक्षा के लिए कुल 46 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया गया। परीक्षा में कुल 12911 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।

इनमें से 8322 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 4589 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में कुल 64.46 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मेटल डिटेक्टर की सहायता से जूते, चश्मे सहित अन्य वस्तुओं की जांच की गई। सभी सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश दिया गया। प्रशासन की ओर से परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं निगरानी व्यवस्था तैनात की गई थी। अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। गौरतलब है कि राजस्थान सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा 18 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा प्रतिदिन दो पारियों में होगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा ककेन्द्र पहुंचने तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
