
ग्राहकों को हो रही भारी परेशानी
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जंक्शन के संगरिया रोड स्थित क्राउन सिटी के बाहर स्थापित भारतीय स्टेट बैंक का एटीएम ग्राहकों को सुविधा देने के बजाय परेशानी का कारण बनता जा रहा है। एटीएम के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर निर्माण सामग्री का मलबा, ईंटों के ढेर, गंदगी और निराश्रित पशुओं का जमावड़ा होने से उपभोक्ताओं को अंदर प्रवेश करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रत्यक्ष स्थिति यह है कि एटीएम के बाहर गायें बैठी रहती हैं और आसपास निर्माण सामग्री फैली हुई है। ऐसे में न केवल बुजुर्ग और महिलाएं बल्कि सामान्य उपभोक्ताओं के लिए भी एटीएम तक पहुंचना कठिन हो गया है। सबसे अधिक परेशानी दिव्यांगजनों को उठानी पड़ रही है, क्योंकि एटीएम पर उनके लिए रैंप जैसी मूलभूत सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंक की ओर से ग्राहकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। एटीएम परिसर के बाहर नियमित सफाई, मलबा हटाने और आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है। सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने बैंक प्रबंधन से मांग की है कि एटीएम परिसर के बाहर फैले मलबे को तत्काल हटाया जाए, स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा दिव्यांग उपभोक्ताओं के लिए रैंप सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि सभी ग्राहकों को बिना किसी असुविधा के बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिल सके।
