
एक साल बाद राहगीरों को मिली राहत
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जंक्शन स्थित करणी चौक से तिलक सर्किल तक लंबे समय से अधूरी पड़ी सडक़ का डामरीकरण कार्य आखिरकार रविवार को पूरा हो गया। करीब एक वर्ष से अधिक समय से लंबित इस कार्य के पूरा होने से क्षेत्रवासियों, राहगीरों और स्कूली विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार 32वें जिला स्थापना दिवस के मौके पर राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सडक़ निर्माण कार्य में तेजी लाई गई और चंद घंटों में डामरीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया। यह मार्ग शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गांे में शामिल है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, प्रतियोगी परीक्षार्थी तथा आम नागरिक आवागमन करते हैं। सडक़ अधूरी होने और लंबे समय तक एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू रहने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पूर्व में इस मार्ग पर कई छोटे-छोटे सडक़ हादसे भी हो चुके थे, जबकि लगातार दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल का कहना है कि सडक़ बनने से अब आवागमन सुगम होगा, धूल और जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी तथा यातायात पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित हो सकेगा। सडक़ निर्माण पूरा होने पर क्षेत्रवासियों ने इसे लंबे इंतजार के बाद मिली बड़ी राहत बताया।
