
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिला स्थापना दिवस के मौके पर रविवार सुबह श्री नंदी गौशाला कल्याण भूमि समिति में धार्मिक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव की पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद गौशाला परिसर में पौधारोपण एवं श्रमदान किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ गौसेवा का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. आनंद स्वरूप, डॉ. राजवीर सिंह, डॉ. किशोर कुमार, बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय के उपनिदेशक डॉ. राकेश जिंदल सहित श्री नंदी गौशाला कल्याण भूमि समिति के अध्यक्ष रमेश काठपाल, सचिव राकेश बंसल, कोषाध्यक्ष प्रदीप सेतिया, जिला गौशाला विकास समिति के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय रौंता, ओमप्रकाश होठला, गौशाला समिति के उपाध्यक्ष संजय सर्राफ, सचिव सुनील गोयल तथा कंप्यूटर ऑपरेटर संदीप सिंह मौजूद रहे। इस मौके पर सभी ने गौशाला परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा श्रमदान कर सेवा कार्यांे में सहभागिता निभाई। पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने गौशाला में गौवंश की देखरेख, स्वच्छता व्यवस्था, दाना-पानी की गुणवत्ता तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही बीमार गौवंश का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार भी किया गया। संयुक्त निदेशक डॉ. आनंद स्वरूप ने निरीक्षण के दौरान गौवंश को प्रतिदिन उपलब्ध कराई जा रही हरी सब्जियां, हरा चारा एवं तूड़ी की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने नंदी गौशाला के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सेवादारों की ओर से गौसेवा और व्यवस्थाओं के लिए किए जा रहे समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गौवंश की बेहतर देखभाल समाज के लिए प्रेरणादायक है।
