
सीटू के नेतृत्व में गेट मीटिंग, चेतावनी, मांगें नहीं मानी गईं तो श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ में होगा कार्य बंद
हनुमानगढ़। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) में कार्यरत लेबर एवं पल्लेदार मजदूरों ने भीषण गर्मी के बीच कार्य समय में बदलाव की मांग को लेकर मंगलवार को एफसीआई लेबर एवं पल्लेदार मजदूर यूनियन (सीटू) के बैनर तले जिला महासचिव गुरुप्रेम सिंह के नेतृत्व में गेट मीटिंग आयोजित कर प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने जिला प्रबंधक, भारतीय खाद्य निगम, श्रीगंगानगर के नाम ज्ञापन भेजकर गर्मी के मौसम को देखते हुए गेहूं लोडिंग कार्य का समय परिवर्तित करने की मांग की।
गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए यूनियन उप प्रधान अफसर अली ने कहा कि वर्तमान में श्रीगंगानगर एवं हनुमानगढ़ जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है। ऐसे में खुले मैदानों और गोदामों में गेहूं लोडिंग का कार्य करना मजदूरों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन गया है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच तेज धूप और लू के कारण कई मजदूरों की तबीयत बिगड़ रही है तथा हीट स्ट्रोक का खतरा लगातार बना हुआ है। यूनियन ने मांग की कि सुबह 8 बजे वाहनों की कांटा प्रक्रिया पूरी कर लोडिंग कार्य शुरू कराया जाए। इसके अलावा दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक कार्य पूरी तरह बंद रखा जाए अथवा केवल हल्का कार्य कराया जाए तथा शाम 6 बजे तक समस्त कार्य समाप्त कर दिया जाए, ताकि मजदूरों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके। जिला महासचिव गुरुप्रेम सिंह ने कहा कि भारतीय खाद्य निगम के परिपत्र संख्या 16/2020 में भी हीटवेव की स्थिति में मजदूरों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कार्य समय में परिवर्तन का प्रावधान किया गया है। वहीं राजस्थान सरकार के श्रम विभाग की गाइडलाइन में भी 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान होने पर दोपहर के समय श्रमिकों से कार्य नहीं कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद यदि मजदूरों से तेज धूप में लगातार काम कराया जाता है तो यह उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होगा। उन्होंने कहा कि यूनियन मजदूरों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। यदि प्रशासन और एफसीआई प्रबंधन ने शीघ्र कार्य समय में परिवर्तन के आदेश जारी नहीं किए तो यूनियन को मजबूर होकर श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ दोनों जिलों में गेहूं लोडिंग कार्य बंद करने का निर्णय लेना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने एकजुट होकर कार्य समय में बदलाव की मांग उठाई तथा प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि मजदूरों के जीवन और स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस मौके पर गुरुप्रेम सिंह, अफसर अली, धनराज, चक्रधर, इकबाल, प्रितपाल सिंह, सुनील, गुड्डू, कुलदीप, वकील, मोहन, आकाश, महेश, सतपाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
