
300 से अधिक लोगों ने जीवन, करियर और व्यवसाय से जुड़े वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन की ली जानकारी
हनुमानगढ़। रुद्रशक्ति वास्तु सॉल्यूशन्स की ओर से शहर में एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें 300 से अधिक लोगों ने भाग लेकर जीवन, करियर, व्यवसाय एवं भवन निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों के विचार सुने। सेमिनार का उद्देश्य लोगों को सही दिशा, संतुलित निर्णय और भारतीय ज्ञान पर आधारित आधुनिक परामर्श प्रणाली से परिचित कराना रहा।
सेमिनार को संबोधित करते हुए वास्तु आचार्य सुभाष सुथार ने कहा कि जीवन में केवल मेहनत ही सफलता की गारंटी नहीं होती, बल्कि सही समय पर सही दिशा और उचित निर्णय भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि कई बार व्यक्ति की असफलता का कारण उसकी क्षमता नहीं, बल्कि गलत कार्यक्षेत्र, असंतुलित वातावरण या अनुचित निर्णय होते हैं। यदि इन पहलुओं का सही विश्लेषण किया जाए तो व्यक्ति अपने जीवन में बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने बताया कि आधुनिक समय में महावास्तु, वैदिक ज्योतिष, ऊर्जा विश्लेषण तथा व्यावहारिक अनुभव के समन्वय से व्यक्ति, परिवार और व्यवसाय की परिस्थितियों का अध्ययन कर प्रभावी सुझाव दिए जा सकते हैं। सेमिनार में जीवन एवं करियर की दिशा तय करने, दीर्घकालिक समृद्धि के लिए योजनाबद्ध मार्गदर्शन तथा भवन निर्माण से पूर्व वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित योजना तैयार करने जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उपस्थित लोगों ने इस तरह के ज्ञानवर्धक आयोजन को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे सेमिनार आयोजित करने की आवश्यकता जताई। आयोजन के अंत में विशेषज्ञों ने कहा कि सही दिशा, सकारात्मक वातावरण और स्पष्ट लक्ष्य के साथ किए गए प्रयास ही व्यक्ति को दीर्घकालिक सफलता और समृद्धि की ओर ले जाते हैं।
