
हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र से 14 वर्षीय किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोर के अब तक घर नहीं लौटने पर टाउन थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही किशोर की गुमशुदगी का इश्तहार जारी कर आमजन से उसकी तलाश में सहयोग की अपील की है। पुलिस के अनुसार आनंद जांगिड़ (14) पुत्र मुकेश जांगिड़ निवासी 100 फीट रोड, बेनीवाल हॉस्पिटल के सामने स्थित आदर्श एन्क्लेव कॉलोनी, टाउन, 13 जुलाई की रात करीब 1.27 बजे अपने नाना थान सिंह जांगिड़ के घर से बिना बताए कहीं चला गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार आनंद का रंग गोरा, कद करीब 5 फीट है। लापता होने के समय उसने क्रीम रंग का लोअर, हल्के हरे रंग की टी-शर्ट तथा पैरों में जूते पहन रखे थे। टाउन थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को आनंद जांगिड़ के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष, पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय, टाउन थाना पर सूचना दें, ताकि किशोर का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
