
नरेन्द्र सिंह मीना का स्थानांतरण, महज 3 माह 27 दिन का रहा कार्यकाल
हनुमानगढ़। आईपीएस बी आदित्य हनुमानगढ़ जिले के नए पुलिस अधीक्षक होंगे। राजस्थान सरकार के कार्मिक विभाग ने मंगलवार देर रात 18 आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन की सूची जारी की, जिसमें हनुमानगढ़ के एसपी नरेन्द्र सिंह मीना का तबादला कर उन्हें बीकानेर स्थित 10वीं बटालियन राजस्थान आम्र्ड कांस्टेबुलरी (आरएसी) का कमांडेंट नियुक्त किया गया है। नरेन्द्र सिंह मीना ने 19 मार्च 2026 को हनुमानगढ़ के पुलिस अधीक्षक का पदभार संभाला था। उनका जिले में कार्यकाल महज 3 माह 27 दिन का रहा। स्थानांतरण आदेश के बाद बुधवार को एसपी नरेन्द्र सिंह मीना रिलीव हो गए। नए एसपी के पदभार ग्रहण करने तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। बी आदित्य हनुमानगढ़ के 35वें पुलिस कप्तान होंगे। वे राजस्थान कैडर के 2021 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। इससे पहले वे प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने 23 जुलाई 2025 को प्रतापगढ़ एसपी का पदभार ग्रहण किया था। मूल रूप से हैदराबाद (तेलंगाना) निवासी बी आदित्य ने आईआईटी मद्रास से शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद श्रीगंगानगर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के रूप में सेवाएं दीं। युवा और सक्रिय अधिकारी के रूप में वे मादक पदार्थांे की तस्करी, संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं। प्रतापगढ़ में एसपी पद पर रहते उत्कृष्ट कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सराहनीय पुलिस सेवाओं के लिए उन्हें राजस्थान पुलिस के प्रतिष्ठित डीजीपी डिस्क सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है।
