
हनुमानगढ़ | मतदाताओं को जागरूक करने के मकसद से गुरुवार को टाउन के टाइम्स पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदान की उपयोगिता के विषय में बताया गया। विद्यार्थियों से आह्वान किया गया कि वे अपने मातापिता तथा आस-पड़ोस में रहने वाले मतदाताओं को 19 अप्रेल को मतदान करने के लिए जागरूक करें। इस मौके पर प्राचार्य हरीश शर्मा ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मतदान बिना किसी दबाव के स्वविवेक के जरिए किया जाना चाहिए। चेयरमैन डॉ. सागरमल लड्ढा ने सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में चुनाव की सफलता के लिए आवश्यक बिंदुओं के बारे में विद्यार्थियों को समझाया। निदेशक गोपाल किशन लड्ढा ने संविधान की ओर से नागरिक अधिकारों व कर्तव्यों की जानकारी दी। इस मौके पर रेणु ग्रोवर, अनीता मुंजाल, पायल खुराना, स्वाति पारीक, सपना सैनी, दिनेश सैन आदि मौजूद रहे।
