
अब विद्यार्थी IIT एवं IISc के प्रख्यात प्रोफेसरों से करेंगे ऑनलाइन अध्ययन, NPTEL कोर्स कैटलॉग एवं पोस्टर का हुआ विमोचन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय (एसकेडी यूनिवर्सिटी), हनुमानगढ़ में NPTEL (नेशनल प्रोग्राम ऑन टेक्नोलॉजी एन्हांस्ड लर्निंग) के जुलाई–दिसंबर 2026 सेमेस्टर के ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का शुभारंभ करते हुए कोर्स कैटलॉग एवं पोस्टर का औपचारिक विमोचन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को NPTEL के विभिन्न ऑनलाइन पाठ्यक्रमों, पंजीकरण प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली तथा इसके शैक्षणिक एवं व्यावसायिक लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विश्वविद्यालय ने हाल ही में NPTEL Local Chapter के रूप में सफलतापूर्वक पंजीकरण प्राप्त किया है। विश्वविद्यालय को Local Chapter ID: 8650 आवंटित की गई है। इस उपलब्धि के साथ अब श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IITs) तथा भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु के प्रतिष्ठित प्रोफेसरों द्वारा संचालित विश्वस्तरीय ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। निर्धारित परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने पर विद्यार्थियों को NPTEL द्वारा प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा, जो उनके ज्ञान, तकनीकी दक्षता, शोध क्षमता तथा रोजगार की संभावनाओं को सुदृढ़ करेगा। NPTEL के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर साइंस, डेटा साइंस, प्रोग्रामिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, मानविकी, गणित एवं विज्ञान सहित अनेक विषयों के सैकड़ों ऑनलाइन पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी देश के अग्रणी शिक्षकों से सीखते हुए अपने कौशल को वैश्विक स्तर के अनुरूप विकसित कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में NPTEL पाठ्यक्रमों में पंजीकरण कर राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक-आधारित शिक्षा का लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही संकाय सदस्यों से भी विद्यार्थियों को इन पाठ्यक्रमों से जोड़ने तथा उन्हें सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर आयोजित पोस्टर एवं कोर्स कैटलॉग विमोचन कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री विभूति नारायण, डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. पूजा जुनेजा, आईक्यूएसी डायरेक्टर डॉ. अवधेश शर्मा, श्री कुलवंत सिंह तथा NPTEL Local Chapter के SPOC एवं कंप्यूटर साइंस विभाग के सहायक प्राध्यापक श्री प्रदीप स्वामी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को NPTEL प्लेटफ़ॉर्म का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित करते हुए इसे गुणवत्तापूर्ण, नवाचार आधारित एवं उद्योगोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण पहल बताया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री बाबू लाल जुनेजा ने कहा कि NPTEL के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के सर्वोच्च शिक्षण संस्थानों के विशेषज्ञ शिक्षकों से सीखने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, शोध अभिरुचि, नवाचार क्षमता तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल का विकास होगा। साथ ही यह पहल उन्हें प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा एवं बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अधिक जानकारी एवं पंजीकरण सहायता के लिए प्रदीप स्वामी सहायक प्राध्यापक, कंप्यूटर साइंस विभाग एवं NPTEL स्थानीय अध्याय समन्वयक (SPOC, श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय, हनुमानगढ़ से संपर्क किया जा सकता है।
