
-राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय खिलाड़ियों का सम्मान, खेलों से अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का दिया संदेश
हनुमानगढ़। जिला क्वान कीडो एसोसिएशन, हनुमानगढ़ की ओर से कार्यकारिणी विस्तार समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के महत्व पर जोर दिया गया। समारोह में राजस्थान स्टेट टेक्निकल डायरेक्टर धनंजय सारस्वत एवं एसएचओ रजनदीप कौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय सिंह पूनिया, महेंद्र शर्मा, रोहित स्वामी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला क्वान की डो एसोसिएशन, हनुमानगढ़ की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। सर्वसम्मति से मनोज कुमार स्वामी को जिला अध्यक्ष, जसकरण सिंह को उपाध्यक्ष, संदीप कुमार को जिला सचिव तथा कुलदीप सिंह को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। नव नियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान देकर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। अतिथियों ने कहा कि ऐसे सम्मान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और अन्य युवाओं को भी खेलों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। समारोह में संगठन की आगामी गतिविधियों, प्रशिक्षण शिविरों, तकनीकी कार्यशालाओं तथा खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। शिक्षाविद् मोहनलाल स्वामी ने कार्यक्रम के अंत में सभी विशिष्ट अतिथियों का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वालों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
