
समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली का दिया भरोसा
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) बीकानेर जिले की खाजूवाला तहसील से स्थानांतरित होकर आईं नवनियुक्त तहसीलदार राजकुमारी ने सोमवार को हनुमानगढ़ तहसील कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण तथा पारदर्शी प्रशासन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। हनुमानगढ़ पहुंचने पर राजस्व विभाग के विभिन्न संगठनों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने माला पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस मौके पर उन्हें तहसील की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया। स्वागत समारोह में राजस्थान पटवार संघ के जिलाध्यक्ष अमर सिंह दहिया, राजस्थान कानूनगो संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रभान जाणी, विनोद बिश्नोई, तरसेम बराड़, पूजा राठौड़, राजेंद्र सोनी, सुनीता, विश्रुत बंसल, संजना सहित अनेक पटवारी एवं गिरदावर मौजूद रहे। इस मौके पर संगठन पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने नवनियुक्त तहसीलदार को राजस्व कार्यों में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं तहसीलदार राजकुमारी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए टीम भावना के साथ कार्य करने और आमजन को बेहतर राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।
