
महिला एवं बाल जागृति मंच की बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप, महिलाओं से एंट्री पास लेने की अपील
हनुमानगढ़। हरियाली तीज के पावन पर्व को पारंपरिक उत्साह एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल जागृति मंच सेवा समिति की ओर से भव्य हरियाली तीज महोत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर व्यापार मंडल धर्मशाला परिसर में समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समिति की अध्यक्ष एवं संस्थापक श्रीमती सुनीता अग्रवाल ने बताया कि हरियाली तीज के अवसर पर हनुमानगढ़ के प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम शिव ज्वेलर्स के सहयोग से यह भव्य आयोजन ग्रैंड इन रॉयल पैलेस में किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक सांस्कृतिक मंच प्रदान करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, पारंपरिक त्योहारों और पारिवारिक संस्कारों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि महोत्सव में तीज की पारंपरिक झलक देखने को मिलेगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लोकगीत, नृत्य, तीज उत्सव से जुड़े विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रम तथा महिलाओं के लिए विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को यादगार बनाने के लिए आकर्षक सजावट और पारंपरिक माहौल तैयार किया जाएगा, जिससे महिलाओं को राजस्थान की लोक संस्कृति का अनुभव हो सके। समिति ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश के लिए एंट्री पास उपलब्ध हैं। हनुमानगढ़ क्षेत्र की सभी महिलाएं समिति के किसी भी सदस्य से अपना एंट्री पास प्राप्त कर सकती हैं। आयोजन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 75973 90690 एवं 96537 00155 पर संपर्क किया जा सकता है। समिति ने अधिक से अधिक महिलाओं से कार्यक्रम में भाग लेकर हरियाली तीज के इस सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाने की अपील की है। बैठक के दौरान आयोजन की व्यवस्थाओं, अतिथि स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मंच संचालन, पंजीकरण, प्रचार-प्रसार तथा अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में महिला एवं बाल जागृति मंच की अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनुपमा विजय, सचिव लीजा गोयल, कोषाध्यक्ष रेखा बंसल, संगठन मंत्री वनिता सिंगला, महासचिव मोनिका जिंदल, मनीषा सिंगला, कमलेश गर्ग, सोनू अग्रवाल, आशा मित्तल, मनीषा गर्ग तथा समिति के वरिष्ठ सदस्य अमृतलाल गोयल और श्यामसुंदर झंवर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
