
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) । राजस्थान व्याख्याता भर्ती परीक्षा में चयनित हनुमानगढ़ के विशाल शर्मा और उनकी पत्नी सुरुचि शर्मा का रविवार को सम्मान किया गया। विशाल शर्मा ने परीक्षा में 55वीं रैंक तथा सुरुचि शर्मा ने 18वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम प्रदेशभर में रोशन किया है। इस अवसर पर उनके मार्गदर्शक एवं उड़ान फॉर एजुकेशन ट्रस्ट से जुड़े डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर सीपी जांदू तथा सहायक आचार्य गुरप्रीत सिंह का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष अश्वनी पारीक, सामाजिक कार्यकर्ता भीष्म कौशिक सहित शिक्षाविद, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. सीपी जांदू ने कहा कि उनकी संस्था उड़ान फॉर एजुकेशन ट्रस्ट पिछले 21 वर्षों से इस संकल्प के साथ कार्य कर रही है कि कोई भी बच्चा केवल आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों से वंचित न रहे। संस्था राजस्थान ही नहीं, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों को आईएएस, आरएएस, नीट, यूजीसी-नेट, व्याख्याता सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी करवा रही है।उन्होंने बताया कि संस्था में वर्तमान में 250 से अधिक शिक्षकों और विशेषज्ञों की टीम विद्यार्थियों को निशुल्क मार्गदर्शन दे रही है। ट्रस्ट से आरपीएससी के पूर्व सदस्य, वरिष्ठ शिक्षाविद और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के विशेषज्ञ जुड़े हुए हैं, जो बिना किसी शुल्क के विद्यार्थियों को पढ़ाते हैं। अब तक 1100 से अधिक अभ्यर्थी संस्था के मार्गदर्शन में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर चुके हैं। प्रो. जांदू ने कहा कि आज शिक्षा का व्यवसायीकरण तेजी से बढ़ रहा है। कई विद्यार्थी महंगी कोचिंग संस्थाओं और ढेरों अध्ययन सामग्री के बीच उलझ जाते हैं तथा उन्हें यह भी समझ नहीं आता कि सही दिशा में तैयारी कैसे की जाए। ऐसे में योग्य शिक्षकों का सही मार्गदर्शन ही विद्यार्थियों की सबसे बड़ी ताकत बनता है। हमारी संस्था का उद्देश्य केवल परीक्षा पास कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।उन्होंने कहा कि उनका सपना 21 वर्ष पहले शुरू हुआ था, जब उन्होंने महसूस किया कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई प्रतिभाशाली बच्चे केवल पैसों की कमी के कारण अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाते। तभी उन्होंने निशुल्क शिक्षा अभियान शुरू किया, जो आज एक बड़े मिशन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संस्था झुग्गी-झोपड़ियों, ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचकर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करेगी। प्रो. जांदू ने कहा कि विशाल शर्मा और सुरुचि शर्मा की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि सही मार्गदर्शन, निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच हो तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता। पति-पत्नी का एक साथ व्याख्याता भर्ती में उत्कृष्ट रैंक के साथ चयन होना पूरे हनुमानगढ़ जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज के लिए प्रेरणा बनेंगे। सहायक आचार्य गुरप्रीत सिंह ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता केवल कठिन परिश्रम से नहीं, बल्कि सही रणनीति, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास से मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासित ढंग से तैयारी करने तथा समय का सदुपयोग करने का आह्वान किया। गौरतलब है कि हनुमानगढ़ जंक्शन के चूना फाटक क्षेत्र निवासी एवं प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित जसवीर शर्मा के पुत्र विशाल शर्मा और पुत्रवधू सुरुचि शर्मा ने राजस्थान व्याख्याता भर्ती परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। विशाल शर्मा ने 55वीं तथा सुरुचि शर्मा ने 18वीं रैंक प्राप्त कर प्रदेश स्तर पर हनुमानगढ़ का परचम लहराया है। इस अवसर पर कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष अश्वनी पारीक ने कहा कि शिक्षा समाज में समान अवसर उपलब्ध कराने का सबसे सशक्त माध्यम है। उड़ान फॉर एजुकेशन ट्रस्ट जैसे प्रयास उन प्रतिभाशाली युवाओं के लिए उम्मीद की किरण हैं, जो संसाधनों के अभाव के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को भी ऐसे शिक्षा अभियानों से जुड़कर जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद करनी चाहिए। सामाजिक कार्यकर्ता भीष्म कौशिक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निस्वार्थ सेवा करने वाले शिक्षकों का सम्मान वास्तव में समाज की प्रतिभाओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि यदि हर जिले में इस तरह की पहल हो तो हजारों गरीब और प्रतिभाशाली युवाओं का भविष्य संवर सकता है। कार्यक्रम के अंत में चयनित दंपती विशाल शर्मा एवं सुरुचि शर्मा का अभिनंदन किया गया। उपस्थित लोगों ने उनकी सफलता को हनुमानगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उड़ान फॉर एजुकेशन ट्रस्ट के निशुल्क शिक्षा अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज में शिक्षा के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली उल्लेखनीय पहल बताया। इस मौके पर सोनिया शर्मा, राजेंद्र खत्री,दीपक शर्मा,खुशबू शर्मा,पंकज विशिष्ट,विजय सिंह डूडी मौजूद थे।
