गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे, 24 को भंडारा और 25 सितम्बर को निकलेगी शोभायात्रा

हनुमानगढ़। शहर के जंक्शन रेलवे स्टेशन रोड स्थित ऐतिहासिक बालाजी मंदिर में इन दिनों गणपति बप्पा का दरबार पूरी भव्यता के साथ सजा हुआ है। स्वर्णकार समाज समिति, मराठा मंडल और आम जनसहयोग से आयोजित 17वें ‘गणेश महोत्सव’ के चौथे दिन (मंगलवार) मंदिर प्रांगण पूरी तरह से श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सुबह से ही दर्शनार्थियों के पहुंचने का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह देर तक जारी रहा और पूरा परिसर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजता रहा।
सपरिवार की विघ्नहर्ता की विशेष पूजा महोत्सव के चौथे दिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित विजय कुमार शर्मा के सान्निध्य में पूजा-अर्चना संपन्न हुई। यजमान रोहित सोनी और वन्दना सोनी ने अपने परिवार के साथ भगवान गणेश की विशेष पूजा की और विधिवत आरती उतारी। आरती के पश्चात बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विघ्नहर्ता के दर्शन कर अपने परिवार की सुख, शांति और खुशहाली की कामना की।
समाज की एकता और आस्था का प्रतीक है महोत्सव स्वर्णकार समाज समिति के प्रचार मंत्री अमन सोनी ने बताया कि यह महोत्सव समाज की एकजुटता और गहरी धार्मिक आस्था का एक बड़ा प्रतीक बन गया है। प्रतिदिन आयोजित हो रही विशेष पूजा-अर्चना और आरती में समाजजनों व श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।
उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया:
- 24 सितम्बर (विशाल भंडारा): मंदिर प्रांगण में एक भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।
- 25 सितम्बर (विसर्जन शोभायात्रा): महोत्सव के अंतिम दिन भगवान गणेश की प्रतिमा के विसर्जन के लिए एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए भक्त गणपति बप्पा को विदाई देंगे। इसी के साथ इस 17वें महोत्सव का विधिवत समापन होगा।
इनकी रही विशेष उपस्थिति चौथे दिन के इस पावन आयोजन में स्वर्णकार समाज समिति के संरक्षक सुरेन्द्र सोनी, अध्यक्ष बबलू सोनी, सतीश सोनी, कोषाध्यक्ष अनिल मराठा, सुधीर जांगिड़, सूरज सोनी, सागर सोनी, मनीष सोनी, संजीव सोनी, लक्ष्मण सोनी, ध्रुव सोनी, उर्मिला सोनी, जितेंद्र बेदी, हरीश सोनी, नवल शर्मा, दलीप सर, छिदा सिंह और विक्की सहित समाज के अनेक पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
