
विद्यार्थियों ने दिया अंगदान महादान का संदेश
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) अंगदान महादान जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला चिकित्सालय, श्रीगंगानगर में भव्य अंगदान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को अंगदान के महत्व से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज की ऑर्गन डोनेशन नोडल अधिकारी डॉ. लीलावती सियाग ने बताया कि रैली में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज एवं राजकीय सामान्य नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र (जीएनएमटीसी) के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में जागरूकता संदेशों से युक्त तख्तियां लेकर विद्यार्थियों ने अंगदान को जीवनदान का माध्यम बताते हुए लोगों को जागरूक किया। रैली को कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. बृजेश महावर, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखपाल सिंह बराड़, उपनियंत्रक डॉ. मनीष छाबड़ा, नर्सिंग अधीक्षक महेश गोयल, नर्सिंग कॉलेज के नर्सिंग ट्यूटर राधेश्याम वर्मा तथा जीएनएमटीसी के प्राचार्य राजेन्द्र बुडाणिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान चिकित्सालय के चिकित्सकों, नर्सिंग कॉलेज एवं जीएनएमटीसी के शिक्षकों तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज एवं जीएनएमटीसी में अंगदान विषय पर पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अंगदान के महत्व, मानवता की सेवा और समाज में इसकी आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। डॉ. लीलावती सियाग ने बताया कि पूरे जुलाई माह में अंगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए रैली, शपथ ग्रहण, व्याख्यान, संगोष्ठी, जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के महत्व से जोड़ना तथा उन्हें इस महादान के लिए प्रेरित करना है।
