
श्रीगंगानगर 13 अगस्त। ब्रह्माकुमारीज़ संस्था के समाजसेवा प्रभाग द्वारा देशभर में 21 से 25 अगस्त तक पांच दिवसीय विशाल रक्तदान महाअभियान चलाया जाएगा। इस दौरान श्री गंगानगर में सोनी धर्मशाला के निकट स्थित विश्वविद्यालय के स्थानीय केंद्र द्वारा भी विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। पंजाब के निकटवर्ती अबोहर शहर में 21 अगस्त को रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा.
ब्रह्माकुमारीज संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि के 19वें पुण्य स्मृति दिवस (25 अगस्त) के उपलक्ष्य में आयोजित इस महाअभियान में भारत सहित नेपाल में एक लाख यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत संस्था के देशभर में स्थित छह हजार से अधिक सेवा केंद्रों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। संस्था के आबू रोड में स्थित मुख्यालय शांतिवन में हर वर्ष की तरह विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।अभियान के तहत सरकारी व निजी अस्पताल, समाजसेवी संगठन, ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ओआरसी गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम में करेंगे। समाजसेवा प्रभाग द्वारा वर्ष 2025 में भी भारत व नेपाल में रक्तदान अभियान चलाकर रिकॉर्ड 88 हजार 378 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया था।
समाजसेवा प्रभाग के राष्ट्रीय संयोजक अवतार भाई ने बताया कि यह अभियान सामाजिक एवं शासकीय संस्थाओं, भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, जिला ब्लड बैंक, जिला सरकारी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, इंटरनेशनल क्लब, आईएसबीटीआई सहित अनेक सामाजिक संगठनों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।प्रत्येक रक्तदाता का पूरा रिकॉर्ड मेंटेन किया जाएगा। इन रक्तदान शिविरों की मॉनिटरिंग गूगल मैप के जरिए की जाएगी। जिसमें रक्तदान का स्थान, दिनांक, रक्तदाता का नाम,समय, रक्त दाताओं की संख्या, सहयोगी संस्थाओं के नाम आदि की संपूर्ण जानकारी भरवाई जा रही है।
