
*-फिजिक्सवाला विद्यापीठ, हनुमानगढ़ इंटरनेशनल स्कूल व जीजीएस स्कूल में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम, 1500 से अधिक बच्चों ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प*
हनुमानगढ़। प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा चलाए जा रहे 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत गुरुवार को फिजिक्सवाला विद्यापीठ, हनुमानगढ़ इंटरनेशनल स्कूल एवं जीजीएस स्कूल में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान तीनों विद्यालयों में 1500 से अधिक विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मकुमारी बहन पिंकी ने विद्यार्थियों को ब्रेन जिम के अंतर्गत विभिन्न एक्सरसाइज करवाईं। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से इस प्रकार की गतिविधियों को अपनाने से तनाव कम करने, मन को शांत रखने तथा एकाग्रता बढ़ाने में मदद मिलती है। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ विभिन्न अभ्यासों में भाग लिया और इन्हें अपनी दिनचर्या में शामिल करने की बात कही।
बहन खुशबू ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके परिवार और समाज पर भी विपरीत प्रभाव डालता है। युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इसके पश्चात विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि मजबूत इच्छाशक्ति और सकारात्मक सोच के माध्यम से नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचा जा सकता है।
आयोजकों ने बताया कि 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का उद्देश्य समाज में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता पैदा करना और अधिक से अधिक लोगों को नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहे।
इस अवसर पर विद्यालय निदेशक भारतेन्दू सेनी एवं प्रिंसीपल रेखा तनेजा ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
